इजराइल में जन्मे तमाल कृष्ण कृपा दास, जिन्हें तमाल रिझावस्की के नाम से भी जाना जाता है, ने आध्यात्मिक अनुशासन और बॉडीबिल्डिंग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाया है. वे फिलहाल पश्चिम बंगाल के मायापुर में रहते हैं और ऑनलाइन दुनिया में उन्हें कभी-कभी ‘ब्राह्मण बॉडीबिल्डर’ के नाम से संबोधित किया जाता है.

तमाल के माता-पिता 1990 के दशक की शुरुआत में ISKCON से जुड़े थे. उनके घर में हिंदू आध्यात्मिक परंपराओं का पालन होता था. स्कूल के दिनों में तमाल शिखा रखते थे, जिस पर सहपाठी उनका मजाक भी उड़ाते थे.

10 साल की उम्र में भारत आए

2009 में, 10 साल की उम्र में, तमाल अपने परिवार के साथ भारत आए. उन्हें वैदिक शिक्षा के लिए बंगाल स्थित गुरुकुल में दाखिल कराया गया. गुरुकुल में उनका दिन तड़के करीब 2 बजे शुरू होता था. सुबह 2:45 बजे वे घी के दीप जलाकर तुलसी की माला पर हरे कृष्ण महामंत्र का जाप करते थे. इसके बाद ध्यान, पूजा और मंदिर की दिनचर्या होती थी.

12 वर्षों के दौरान उन्होंने मंत्र, पूजा-विधि, यज्ञ, संस्कृत और दर्शन का अध्ययन किया. उन्होंने 2021 में गुरुकुल की शिक्षा पूरी की. पढ़ाई खत्म होने के बाद कुछ समय उन्हें दिशा को लेकर असमंजस महसूस हुआ, लेकिन बाद में उन्होंने यज्ञ कराने और मंत्र-साधना से जुड़े काम को अपना उद्देश्य बनाया. वे ‘Mantra Sadhana’ पहल के जरिए अपनी आध्यात्मिक प्रैक्टिस ऑनलाइन भी साझा करते हैं.

तमाल प्राकृतिक बॉडीबिल्डिंग करते हैं और सख्त शाकाहारी भोजन का पालन करते हैं. उनके भोजन में प्रसाद और तुलसी के पत्ते शामिल होते हैं. वे कोलकाता में आयोजित एक पेशेवर बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में पांचवें स्थान पर भी रह चुके हैं. उनके जीवन में धार्मिक अभ्यास, नियमित दिनचर्या और शारीरिक प्रशिक्षण साथ-साथ चलते हैं.