मुंबई के कुर्ला इलाके के एक छोटे से कमरे से शुरू हुआ जयकुमार वैद्य का सफर अब NASA के Goddard Space Flight Center तक पहुंच चुका है. उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार, वैद्य वहां Ground Support Equipment Engineering Lead और Ground Systems Operations Lead के तौर पर काम कर रहे हैं. उनका काम मंगल, चंद्रमा और पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल का अध्ययन करने वाले उपकरणों से जुड़ा है.
वैद्य का बचपन आर्थिक कठिनाइयों में बीता. वह अपनी मां नलिनी और दादी के साथ करीब 8x10 फुट के कमरे में रहते थे. उनकी मां परिवार की अकेली कमाने वाली सदस्य थीं. एक पुराने इंटरव्यू में वैद्य ने बताया था कि कई बार स्कूल की फीस समय पर जमा न होने के कारण उन्हें परीक्षा देने से रोका गया. फीस 300 से 700 रुपये के बीच होती थी. उन्होंने यह भी बताया था कि कभी-कभी मां और बेटा एक वड़ा पाव साझा करके गुजारा करते थे.
वैद्य ने बचपन से ही छोटे-मोटे काम करना शुरू कर दिया था. वह स्ट्रीट लाइट के नीचे पढ़ते थे और शिक्षा जारी रखने के लिए छात्रवृत्ति तथा धर्मार्थ संस्थाओं से मिली ब्याज-मुक्त आर्थिक मदद का सहारा लिया. आगे चलकर उन्होंने मुंबई के KJ Somaiya College of Engineering से Electronics Engineering में Bachelor of Engineering की डिग्री हासिल की. कॉलेज के दौरान उन्होंने सोल्डरिंग और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाने जैसे काम भी किए. रोबोटिक्स में उन्हें तीन राष्ट्रीय और चार राज्य-स्तरीय पुरस्कार मिले.
इसके बाद वैद्य ने Tata Institute of Fundamental Research में शोध किया. NASA की प्रोफाइल के अनुसार, वह मई 2016 से जून 2019 तक TIFR में Junior Research Fellow रहे. इस दौरान उन्होंने उच्च तापमान वाले सुपरकंडक्टर BSCCO और Weyl semimetal TaAs की जटिल नैनोस्ट्रक्चर पर काम किया.
उन्होंने University of Virginia से 2021 में Electrical Engineering में Master of Engineering पूरा किया. वहीं, 2021 की गर्मियों में उन्होंने NASA के Goddard केंद्र में X-ray telescopes के लिए पतली बहु-परत कोटिंग और विशेष X-ray mirrors से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम किया. 2022 में NASA से मिली दीर्घकालिक भूमिका के बाद वह Goddard लौटे.
मंगल और चंद्रमा से जुड़े उपकरण
वर्तमान में वैद्य NASA के MAVEN मिशन में Neutral Gas and Ion Mass Spectrometer यानी NGIMS के Ground Systems Operations Lead हैं. यह उपकरण मंगल के ऊपरी वायुमंडल की संरचना का विश्लेषण करता है. वह SEAL नाम के एक neutral mass spectrometer से भी जुड़े हैं, जिसे चंद्रमा की सतह और उसके बेहद पतले exosphere पर लैंडर के प्रभावों का अध्ययन करने के लिए विकसित किया जा रहा है.
