फेस्टिव सीजन में अगर आप कांच या मेटल की पारंपरिक चूड़ियों से अलग कुछ पहनना चाहती हैं, तो जेली बैंगल्स एक हल्का और रंगीन विकल्प हो सकती हैं. इनका पारदर्शी टेक्सचर और चमक इन्हें मॉडर्न से लेकर ट्रेडिशनल आउटफिट तक के साथ पहनने लायक बनाता है.
कुर्ती और जींस-टॉप के साथ स्टाइल
सफेद, काली या न्यूड शेड की प्लेन कॉटन कुर्ती के साथ मल्टीकलर या नियोन पिंक, येलो और ऑरेंज जेली बैंगल्स पहनी जा सकती हैं. इससे साधारण कुर्ती लुक में रंगों का उभार आता है. वहीं, प्रिंटेड या हैवी कुर्ती के साथ ट्रांसपेरेंट अथवा पेस्टल शेड चुनना बेहतर रहेगा, ताकि लुक जरूरत से ज्यादा भरा हुआ न लगे.
जींस और टॉप, कैजुअल शर्ट या टी-शर्ट के साथ दोनों हाथों में ढेर सारी चूड़ियां पहनने के बजाय एक हाथ में पांच-छह जेली बैंगल्स पहनें. दूसरे हाथ में मिनिमल वॉच या पतला ब्रेसलेट रखा जा सकता है. शॉर्ट कुर्ती और जींस के साथ कुर्ती के किसी प्रमुख रंग से मेल खाती चार-चार बैंगल्स दोनों हाथों में पहनने से इंडो-वेस्टर्न लुक बनाया जा सकता है.
साड़ी, अनारकली और लहंगे के साथ
सिल्क या बनारसी साड़ी के बॉर्डर से मेल खाती जेली बैंगल्स चुनें. इनके दोनों ओर गोल्डन या कुंदन के कंगन और बीच में आठ-दस बैंगल्स का सेट पारंपरिक व आधुनिक अंदाज का संयोजन दे सकता है.
अनारकली, शरारा या इंडो-वेस्टर्न गाउन के साथ एक ही रंग की पतली बैंगल्स का सेट रखें. लहंगा अगर मल्टीकलर या भारी कढ़ाई वाला है, तो उसमें मौजूद दो-तीन प्रमुख रंगों की जेली बैंगल्स मिलाकर पहनें. गरबा नाइट, दिवाली पार्टी या कॉकटेल इवेंट के लिए ग्लिटर या स्टोन-स्टडेड डिजाइन चुने जा सकते हैं.
रोजमर्रा या ऑफिस के एथनिक लुक में दो से चार चौड़ी, सादी जेली बैंगल्स पर्याप्त रहेंगी.
