भारत में पहली डेट के लिए महंगे कैफे और फाइन-डाइनिंग रेस्तरां की जगह खुले, सहज और कम खर्चीले स्थान लोगों को ज्यादा पसंद आ रहे हैं. डेटिंग ऐप happn के करीब 1,000 लोगों पर किए गए सर्वे में मुंबई का जुहू बीच देश का सबसे पसंदीदा डेट स्पॉट बनकर सामने आया.

सर्वे के मुताबिक, भारत में पसंद किए गए 60% से अधिक डेट स्पॉट खुले वातावरण वाले हैं. मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में लोग समुद्र किनारे, पार्क, ऐतिहासिक परिसरों और खुले सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दे रहे हैं.

शहरों के प्रमुख डेट स्पॉट

मुंबई में जुहू बीच के अलावा शहर के प्रमुख डेटिंग इलाकों में अंधेरी वेस्ट सबसे आगे रहा. इसके बाद बांद्रा वेस्ट और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स का स्थान रहा. जुहू बीच को लोकप्रिय बनाने वाले कारणों में समुद्र किनारे टहलना और सूर्यास्त का माहौल शामिल है.

दिल्ली में लोधी गार्डन और इंडिया गेट परिसर प्रमुख पसंद बने. शहर के डेटिंग इलाकों की सूची में कनॉट प्लेस पहले स्थान पर रहा, जबकि चांदनी चौक, राजौरी गार्डन और हौज खास भी सूची में शामिल हैं.

बेंगलुरु में क्यूबन पार्क सबसे पसंदीदा खुले डेट स्पॉट के रूप में सामने आया. चर्च स्ट्रीट और एमजी रोड शहर के प्रमुख डेटिंग इलाकों में सबसे आगे रहे. इसके बाद कोरमंगला और एचएसआर लेआउट का स्थान रहा.

कोलकाता में प्रिंसेप घाट, विक्टोरिया मेमोरियल परिसर और रवींद्र सरोवर पसंदीदा स्थानों में रहे. नंदन भी सूची में शामिल एक प्रमुख कला, फिल्म और थिएटर केंद्र रहा. शहर के लोकप्रिय डेटिंग इलाकों में न्यू टाउन, पार्क स्ट्रीट और सॉल्ट लेक शामिल हैं.

अन्य शहरों की पसंद

हैदराबाद में बंजारा हिल्स पहले और गाचीबोवली दूसरे स्थान पर रहा. पुणे में हिंजवड़ी, विमान नगर और कोथरुड प्रमुख डेटिंग क्षेत्र बताए गए.

सर्वे के नतीजे संकेत देते हैं कि लोग डेट के लिए ऐसे स्थान पसंद कर रहे हैं जहां बातचीत सहजता से हो सके और समय या खर्च का दबाव कम हो. हालांकि कैफे और रेस्तरां अब भी डेटिंग संस्कृति का हिस्सा हैं, लेकिन पार्क, समुद्र तट और वॉकिंग स्पॉट अधिक लोकप्रिय विकल्प बनते दिख रहे हैं.