कन्या पूजन के प्रसाद में हलवा और पूरी के साथ काले चने भी बनाए जाते हैं. कई बार चने उबालने के बाद कड़े रह जाते हैं या बहुत ज्यादा गल जाते हैं. इस रेसिपी में चनों को पहले 7-8 घंटे या रातभर भिगोने और फिर प्रेशर कुकर में पकाने का तरीका बताया गया है.

सामग्री

इसके लिए 1 कप काले चने, 2-3 बड़े चम्मच देसी घी, आधा छोटा चम्मच हींग, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक और 2 हरी मिर्च लें. मसाले के लिए 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, आधा छोटा चम्मच अमचूर या चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और गरम मसाला चाहिए. स्वादानुसार सादा नमक, काला नमक और सजाने के लिए हरा धनिया भी रखें.

ऐसे पकाएं

भीगे हुए चनों को धोकर कुकर में डालें. इसमें 2 कप पानी, थोड़ा नमक और 1 छोटा चम्मच देसी घी डालकर मध्यम आंच पर 4-5 सीटी आने तक पकाएं. प्रेशर अपने आप निकलने दें.

एक कटोरी में धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर या चाट मसाला, भुना जीरा, गरम मसाला और थोड़ा काला नमक मिलाएं. इसमें 3-4 चम्मच पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें.

कड़ाही में 2 चम्मच घी गर्म करके जीरा, हींग, अदरक और हरी मिर्च करीब 20 सेकेंड भूनें. मसाले का घोल डालकर धीमी आंच पर पकाएं, जब तक घी अलग दिखाई देने लगे. अब उबले चने और कुकर में बचा थोड़ा पानी डालें. ढककर धीमी आंच पर 3-4 मिनट पकाएं. पानी सूखने पर हरा धनिया डालकर परोसें.