केट मिडलटन और प्रिंस विलियम ने भारत दौरे के दूसरे दिन मुंबई में सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. मंगलवार, 17 नवंबर को दोनों बांद्रा रिक्लेमेशन गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने Earthshot Prize 2026 के 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात की.

इस मौके पर केट आइवरी रंग के पैंटसूट में नजर आईं. उनके ब्लेजर में स्ट्रक्चर्ड शोल्डर्स, नॉच्ड लैपल्स और कमर पर फिटिंग देने वाला सिंगल-बटन डिजाइन था. उन्होंने इसके साथ सफेद वी-नेक ब्लाउज और मैचिंग वाइड-लेग ट्राउजर पहना था. सिर से पैर तक एक ही रंग के इस परिधान ने उनके लुक को सादा लेकिन औपचारिक रूप दिया.

केट ने एक्सेसरीज को सीमित रखा. उनके लुक में एक पतला गोल्ड पेंडेंट और ड्रॉप ईयररिंग्स शामिल थे. खुले बालों को हल्की वेव्स में स्टाइल किया गया था, जबकि मेकअप में सॉफ्ट आई मेकअप, हल्का ब्लश और नैचुरल पिंक लिप्स रखा गया.

प्रिंस विलियम ने हल्के नीले रंग का पिनस्ट्राइप ब्लेजर पहनकर स्मार्ट-कैजुअल अंदाज अपनाया. आउटडोर कार्यक्रम के लिए उनके परिधान को अपेक्षाकृत सहज रखा गया था, जबकि केट का लुक मोनोक्रोम टेलरिंग पर केंद्रित रहा.

मुंबई प्रवास के दौरान इस कार्यक्रम में एक अनौपचारिक पल भी देखने को मिला. विलियम इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा की ड्राइविंग सीट पर बैठे, जबकि केट पीछे बैठीं. इस दौरान पीछे बांद्रा-वर्ली सी लिंक दिखाई दे रहा था. शाही दंपती के भारत दौरे में अभी कुछ और कार्यक्रम शामिल हैं.