7 अक्टूबर को दिल्ली में एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को रोल खाते देखा गया. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, वह रोल दिल्ली के खान चाचा रेस्तरां का था. इस दृश्य ने काठी रोल को फिर चर्चा में ला दिया—एक ऐसा स्ट्रीट फूड, जिसकी शुरुआत की कहानी करीब एक सदी पहले कोलकाता के निजाम्स रेस्तरां से जोड़ी जाती है.
काठी रोल की उत्पत्ति को लेकर प्रचलित कहानी के अनुसार, निजाम्स की शुरुआत 1932 में रेजा हसन साहब ने की थी. रेस्तरां अपने कबाब और पराठों के लिए जाना जाता था. उस दौर में कबाब सींक से उतारकर हाथों से खाए जाते थे. बताया जाता है कि पास के इलाकों में काम करने वाले ब्रिटिश ग्राहकों के लिए इस तरह खाना असुविधाजनक और गंदा हो सकता था.
पराठा बना प्लेट और रैपर
इस समस्या का हल कबाब को पराठे के भीतर रखकर निकाला गया. पराठे ने एक साथ प्लेट, रैपर और खाने के साधन का काम किया. एक अन्य प्रचलित विवरण के अनुसार, जल्दी में रहने वाले एक ग्राहक के लिए कम मसालेदार और आसानी से खाया जा सकने वाला भोजन तैयार किया गया. दिन की करी से चिकन के टुकड़े अलग कर, उनका ग्रेवी हटाया गया और उन्हें पराठे में लपेटकर परोसा गया. बाद में यही तरीका अन्य कबाबों पर भी अपनाया गया.
शुरुआत में रोल के साथ प्याज, हरी मिर्च और नींबू जैसी चीजें दी जाती थीं. समय के साथ इसमें अंडे, अलग-अलग तरह के मांस और सॉस भी जुड़ते गए. इस वजह से काठी रोल किसी एक तय रेसिपी तक सीमित नहीं रहा.
‘काठी’ नाम कैसे पड़ा
निजाम्स में पहले कबाब भारी लोहे की सींक पर पकाए जाते थे. 1964 में इन्हें हल्की और सस्ती बांस की छड़ियों से बदला गया. बंगाली में छड़ी को ‘काठी’ कहा जाता है. इसी बदलाव से रोल को उसका प्रचलित नाम मिलने की कहानी बताई जाती है. उसी वर्ष निजाम्स ने मटन, बीफ और खीरी रोल के साथ चिकन रोल भी शामिल किया था.
कोलकाता की गलियों से निकलकर यह व्यंजन दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों तक पहुंचा. प्लेट की जरूरत न पड़ना और चलते-फिरते खाया जा सकना इसकी सबसे बड़ी खासियत बनी. बाद में भारतीय रेस्तरां के जरिए काठी रोल विदेशों में भी लोकप्रिय हुआ.
