रोजमर्रा के खाने में स्वाद का बदलाव चाहते हैं तो खट्टे आलू एक आसान विकल्प हो सकते हैं. इस रेसिपी में उबले आलू को इमली के पल्प और भुने मसालों के साथ पकाया जाता है. इमली का खट्टापन और मसालों का चटपटा स्वाद इस सब्जी को सादे दाल-चावल, रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसने लायक बनाता है.

खट्टे आलू के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए 500 ग्राम आलू, 3 बड़े चम्मच इमली, 3 बड़े चम्मच तेल या घी, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच हल्दी, डेढ़ छोटा चम्मच धनिया पाउडर और एक चौथाई छोटा चम्मच हींग चाहिए. इसके अलावा 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया और आधा कप गरम पानी रखें.

बनाने का तरीका

सबसे पहले आलू को नमक वाले पानी में उबालें. ठंडा होने पर छिलके उतारकर उन्हें मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें. इमली को थोड़े गरम पानी में भिगोकर मसलें और उसका गूदा निकालकर छान लें. जरूरत हो तो इमली को पानी में थोड़ी देर उबालकर नरम किया जा सकता है.

कड़ाही में तेल या घी गरम करके जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो आंच धीमी कर लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, हींग और नमक डालें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर तब तक भूनें, जब तक उसकी कच्ची खुशबू कम न हो जाए.

अब इमली का पल्प डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मसाला अच्छी तरह पक जाए और तेल अलग दिखाई देने लगे, तब उबले आलू डालें. आलू को धीरे-धीरे चलाकर मसाले में मिलाएं. आधा कप गरम पानी डालकर कड़ाही ढक दें और कुछ मिनट धीमी आंच पर पकने दें. अंत में कटा हरा धनिया डालकर गरम परोसें.