किडनी और ब्लैडर स्टोन के मामले कम उम्र के लोगों में भी सामने आ रहे हैं. विशेषज्ञ के अनुसार, कम पानी पीना, ज्यादा नमक और प्रोसेस्ड फूड लेना, मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता और कुछ मेटाबॉलिक समस्याएं इस जोखिम को बढ़ा सकती हैं. गर्म और उमस वाले मौसम में पसीने के जरिए पानी की कमी होने पर खतरा और बढ़ सकता है.

मुंबई के एसएल रहेजा अस्पताल के कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट डॉ. सोनी मेहता ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में लंबे समय तक काम करना, यात्रा के दौरान कम पानी पीना और पेशाब रोकने की आदत भी पथरी बनने की स्थितियां पैदा कर सकती है.

किडनी और ब्लैडर स्टोन में अंतर

किडनी स्टोन तब बन सकता है, जब कैल्शियम, ऑक्सलेट या यूरिक एसिड जैसे पदार्थ पेशाब में ज्यादा concentrated हो जाएं और क्रिस्टल का रूप लेने लगें. ये क्रिस्टल धीरे-धीरे बड़े होकर ureter में जा सकते हैं. Ureter वह संकरी नली है, जो किडनी से ब्लैडर तक पेशाब पहुंचाती है. इसमें रुकावट होने पर तेज दर्द हो सकता है.

ब्लैडर स्टोन का संबंध अक्सर ब्लैडर के पूरी तरह खाली न होने से होता है. ऐसे में पेशाब और उसमें मौजूद खनिज ब्लैडर में रह जाते हैं. बढ़ी हुई प्रोस्टेट, पेशाब की नली में संकुचन, नसों से जुड़ी ब्लैडर की समस्या और बार-बार होने वाले यूरिनरी इंफेक्शन इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं.

युवाओं में क्यों बढ़ रहा जोखिम

डॉ. मेहता के अनुसार, ज्यादा नमक खाने से पेशाब में कैल्शियम की मात्रा बढ़ सकती है. मोटापा, डायबिटीज, हाई यूरिक एसिड और मेटाबॉलिक सिंड्रोम भी पथरी बनने की प्रक्रिया को बढ़ावा दे सकते हैं.

स्कूल, कॉलेज या काम के दौरान कम पानी पीना, कम शारीरिक गतिविधि और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन किशोरों और युवाओं में भी जोखिम बढ़ाने वाले कारक हो सकते हैं. परिवार में किसी करीबी सदस्य को किडनी स्टोन रहा हो, तो आनुवंशिक प्रवृत्ति के कारण संवेदनशीलता बढ़ सकती है.

हर स्टोन तेज दर्द के साथ सामने नहीं आता. इसके संकेतों में कमर या बगल में दर्द, पेट के निचले हिस्से या जांघ के जोड़ तक पहुंचने वाला दर्द, पेशाब में खून, पेशाब करते समय जलन, मितली, बार-बार पेशाब आना और पेशाब करने में कठिनाई शामिल हो सकती है.

बुखार के साथ दर्द को नजरअंदाज न करें

पेशाब से जुड़ा दर्द अगर बुखार या ठंड लगने के साथ हो, तो यह रुकावट के कारण हुए संक्रमण का संकेत हो सकता है. डॉ. मेहता के अनुसार, ऐसे लक्षणों में तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए.

पथरी से बचाव के लिए दिनभर नियमित रूप से पानी पीना उपयोगी हो सकता है. प्यास लगने का इंतजार करने के बजाय, व्यायाम, बाहर रहने या गर्म मौसम में तरल पदार्थों का ध्यान रखना चाहिए. पेशाब का गहरा पीला रंग कम पानी पीने का संकेत हो सकता है, हालांकि कुछ दवाएं और उत्पाद भी पेशाब का रंग बदल सकते हैं.

कैल्शियम पूरी तरह बंद करना सही नहीं

अधिक नमक और अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड कम करना, साथ ही भोजन में सब्जियां, फल और उचित मात्रा में dietary calcium शामिल करना मददगार हो सकता है. हालांकि, किडनी स्टोन की आशंका वाले लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के कैल्शियम पूरी तरह बंद नहीं करना चाहिए. डॉ. मेहता के मुताबिक, भोजन से मिलने वाला सामान्य कैल्शियम आंत में ऑक्सलेट से जुड़ सकता है और पेशाब में पहुंचने वाले ऑक्सलेट की मात्रा घटा सकता है.

प्रोटीन पाउडर, विटामिन सप्लीमेंट या हर्बल उत्पादों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल भी बिना चिकित्सकीय कारण के नहीं करना चाहिए. जिन लोगों को पहले पथरी हो चुकी है, उनके लिए केवल पानी बढ़ाने की सलाह पर्याप्त नहीं हो सकती. स्टोन का विश्लेषण, ब्लड टेस्ट और कुछ मामलों में 24 घंटे के पेशाब की जांच से पथरी बनने का कारण समझने में मदद मिल सकती है.

पथरी के अलग-अलग प्रकार अलग कारणों से बन सकते हैं. इसलिए बार-बार होने वाली पथरी को केवल संयोग मानने के बजाय, उसके कारण की जांच और व्यक्ति के अनुसार बचाव की रणनीति पर ध्यान देना जरूरी है.