नींबू का रस निकालने के बाद उसके छिलकों को अक्सर फेंक दिया जाता है. इन छिलकों से घर पर चटपटा नींबू मसाला तैयार किया जा सकता है. इसमें नींबू की खटास के साथ काली मिर्च, भुना जीरा और दूसरे मसालों का स्वाद मिलता है.

नींबू मसाला बनाने के लिए सामग्री

इस रेसिपी के लिए नींबू के छिलके जरूरत के अनुसार, काला नमक स्वादानुसार, एक छोटा चम्मच ओरिगैनो पाउडर, चुटकी भर या स्वादानुसार सिट्रिक एसिड, एक छोटा चम्मच चीनी, एक छोटा चम्मच भुना जीरा, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और करीब 10 काली मिर्च के दाने चाहिए. मसालों की मात्रा छिलकों की मात्रा और स्वाद के अनुसार बदली जा सकती है.

बनाने का तरीका

सबसे पहले नींबू के छिलकों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें. इन्हें लंबाई में काटें और ध्यान रखें कि छिलकों पर ज्यादा गूदा न लगा हो. इसके बाद कटे हुए छिलकों को साफ प्लेट या थाली में फैलाकर धूप में रखें. छिलकों को तब तक सुखाएं, जब तक वे पूरी तरह सूखकर कड़क न हो जाएं.

सूखे छिलकों को मिक्सर जार में डालें. इसमें काला नमक, ओरिगैनो, सिट्रिक एसिड, चीनी, भुना जीरा, लाल मिर्च पाउडर और काली मिर्च डालकर पीस लें. स्वाद के अनुसार इसे बारीक या हल्का दरदरा रखा जा सकता है. अगर कुछ बड़े टुकड़े बच जाएं, तो उन्हें अलग से पीस लें.

स्टोर करने और इस्तेमाल की बात

मसाला पीसने के बाद उसे ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में भरें. छिलकों में नमी रह जाने पर मसाला जल्दी खराब हो सकता है. इसे निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें और डिब्बे को नमी से दूर रखें.

तैयार मसाले को शिकंजी के अलावा फ्रेंच फ्राइज, पॉपकॉर्न, भुनी हुई सब्जियों और चाट पर छिड़का जा सकता है.