रोजाना बनने वाली आलू-बीन्स की सब्जी से अलग कुछ खाना चाहते हैं, तो महाराष्ट्रीयन स्टाइल फ्रेंच बीन्स की सब्जी बना सकते हैं. महाराष्ट्र में इसे ‘फरासबी ची भाजी’ कहा जाता है. इसमें भुनी मूंगफली और सूखे नारियल से तैयार किया गया दरदरा मसाला डाला जाता है, जो साधारण बीन्स का स्वाद बदल देता है.
यह सब्जी रोटी, पराठे, दाल-चावल या बूंदी रायते के साथ परोसी जा सकती है. इसे बनाने के लिए 250 ग्राम फ्रेंच बीन्स, आधा कप भुनी मूंगफली, 2 बड़े चम्मच सूखा नारियल, 1 बारीक कटा प्याज, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच राई और आधा छोटा चम्मच जीरा लें. इसके अलावा आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर, नमक, 8-10 करी पत्ते, 2 बड़े चम्मच तेल और थोड़ा हरा धनिया चाहिए.
दरदरा मसाला तैयार करें
फ्रेंच बीन्स को धोकर दोनों सिरों से किनारे हटाएं और लगभग एक जैसे छोटे टुकड़ों में काट लें. एक पैन में भुनी मूंगफली और सूखा नारियल हल्का भूनें. ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सर में डालें और धनिया पाउडर व लाल मिर्च पाउडर के साथ दरदरा पीस लें. मसाले को बिल्कुल बारीक पाउडर न बनाएं.
ऐसे पकाएं सब्जी
कड़ाही में तेल गर्म करके राई और जीरा चटकाएं. करी पत्ते और हरी मिर्च डालने के बाद प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर पकाएं. कटी बीन्स, हल्दी और नमक मिलाएं, फिर कड़ाही ढककर धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें और जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी छिड़कें.
बीन्स नरम हो जाएं तो तैयार मूंगफली-नारियल मसाला डालकर मिलाएं और धीमी आंच पर 3-4 मिनट पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद करें और गरमा-गरम परोसें.
