मध्य पूर्व 2030 तक करीब 10 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. ATM Travel Trends Report 2026 के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए होटल क्षमता, हवाई अड्डों और क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी में बड़े निवेश की जरूरत होगी. अनुमान है कि 2.40 लाख से 2.50 लाख नए होटल कमरों की आवश्यकता पड़ सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य पूर्व की यात्रा पर विचार कर रहे 77 प्रतिशत लोग बुकिंग के समय लक्जरी को प्राथमिकता देते हैं. हालांकि, लक्जरी की परिभाषा अब केवल पांच सितारा होटल तक सीमित नहीं है. यात्रियों में स्थानीय संस्कृति, लोगों से मेल-जोल और विरासत व धार्मिक आयोजनों में भाग लेने की रुचि भी बढ़ रही है.
मिस्र की तेज बढ़त
क्षेत्रीय पर्यटन वृद्धि में मिस्र प्रमुख देशों में उभरा है. पर्यटन मंत्री शरीफ फाथी के अनुसार, अक्टूबर 2026 के अंत तक देश में करीब 1.62 करोड़ पर्यटक पहुंच चुके थे. वर्ष के अंत तक यह संख्या 2 करोड़ और अगले वर्ष 2.20 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है.
मिस्र सरकार ने 2030 तक सालाना 3 करोड़ पर्यटकों और 36 से 40 अरब डॉलर के पर्यटन राजस्व का लक्ष्य रखा है. इस विस्तार के लिए होटल, परिवहन और पर्यटन सेवाओं में निवेश बढ़ाया जा रहा है. ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम और देश की प्राचीन सभ्यता को सांस्कृतिक पर्यटन की वृद्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है.
