Collins Dictionary ने ‘मॉगिंग’ को 2026 का वर्ड ऑफ द ईयर चुना है. इस इंटरनेट स्लैंग का इस्तेमाल तब किया जाता है, जब कोई व्यक्ति या चीज़ लुक्स, आत्मविश्वास, सामाजिक स्थिति या क्षमता के मामले में दूसरों से इतना आगे निकल जाए कि आसपास के लोग फीके नजर आने लगें.

मिसाल के तौर पर, अगर कोई व्यक्ति Halloween पार्टी में शानदार पोशाक पहनकर पहुंचे, लेकिन वहां किसी दूसरे की पोशाक उससे कहीं ज्यादा प्रभावशाली हो, तो कहा जा सकता है कि पहला व्यक्ति ‘मॉग्ड’ हो गया. यह शब्द केवल लोगों की शक्ल-सूरत के लिए नहीं, बल्कि वीडियो गेम, प्रदर्शन और दूसरी चीज़ों के लिए भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

Collins के मुताबिक, ‘मॉगिंग’ का इस्तेमाल इस साल 210 प्रतिशत बढ़ा. माना जाता है कि इसकी जड़ ‘AMOG’ में है, जिसका अर्थ ‘alpha male of the group’ यानी समूह का सबसे प्रभावशाली पुरुष है. यह शब्द करीब 2016 के आसपास बॉडीबिल्डिंग संस्कृति में प्रचलित हुआ और बाद में ‘मैनोस्फीयर’ नाम से पहचाने जाने वाले ऑनलाइन समुदायों में फैल गया.

अब Gen Z और Gen Alpha इसे कई बार मजाकिया और व्यंग्यात्मक अंदाज में भी इस्तेमाल करते हैं. Collins के प्रबंध निदेशक Alex Beecroft ने कहा कि ‘मॉगिंग’ का चयन दिखाता है कि हर पीढ़ी भाषा पर अपनी छाप छोड़ती है.

इससे पहले Collins ने ‘vibe coding’ को वर्ड ऑफ द ईयर चुना था, जिसका अर्थ प्राकृतिक भाषा के निर्देशों और AI की मदद से कोड लिखना है. 2026 की शॉर्टलिस्ट में ‘ghost job’, ‘P(doom)’ और ‘friendslop’ जैसे शब्द भी शामिल थे. Dictionary.com ने इसी साल ‘maxxing’ को अपना वर्ड ऑफ द ईयर चुना.