बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है. शादी से जुड़े सभी प्रमुख कार्यक्रम अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में आयोजित किए जाने की तैयारी है. आयोजन को लेकर बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं.
10 बीघे में तैयार हो रहा पंडाल
रिपोर्ट के मुताबिक, मेहमानों के लिए करीब 10 बीघे जमीन पर एयर-कंडीशन्ड और वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है. पंडाल की सजावट के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं. चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाने की तैयारी बताई गई है. जयमाल के लिए करीब 30 फीट ऊंचा मंच तैयार किया जा रहा है. वीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल और अलग भोजन व्यवस्था रखे जाने की बात कही गई है.
आयोजकों के अनुसार, शादी में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है. आमंत्रित लोगों में आसपास के गांवों के निवासियों के अलावा नेता, फिल्मी हस्तियां और भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े लोग शामिल बताए गए हैं. अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को निमंत्रण देने की बात कही है.
150 से ज्यादा व्यंजनों की तैयारी
मेहमानों के लिए 150 से अधिक व्यंजन परोसने की योजना है. मेन्यू में लिट्टी-चोखा, मालपुआ, बालूशाही, खाजा, रसगुल्ला, पनीर के कई व्यंजन, शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, तंदूरी रोटी और नान शामिल बताए गए हैं. चाट, गोलगप्पे, डोसा, चाउमीन, पास्ता और कुल्फी के लाइव काउंटर भी लगाए जाने हैं. भोजन व्यवस्था के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से एक हजार से अधिक हलवाई और शेफ बुलाए जाने की जानकारी दी गई है.
शादी में कव्वाली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ घुड़दौड़ भी आयोजित की जाएगी. इसके लिए अलग मैदान तैयार किया जा रहा है. अनंत सिंह के मुताबिक, प्रतियोगिता के विजेता को थार और दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल पुरस्कार में दी जाएगी.
खर्च को लेकर अनंत सिंह ने कहा है कि आयोजन में दोस्तों और समर्थकों की मदद मिल रही है. उनकी चुनावी घोषणा के अनुसार, पत्नी समेत परिवार की घोषित संपत्ति करीब 100.61 करोड़ रुपये थी.
