कामकाजी ईमेल में कुछ वाक्य सामान्य और विनम्र लगते हैं, लेकिन उन्हें पढ़ने वाला व्यक्ति उनमें दबाव या हल्की नाराजगी महसूस कर सकता है. 2,000 अमेरिकी और यूरोपीय पेशेवरों के एक सर्वे में ऐसे ही वाक्यांशों को लेकर लोगों की धारणाओं का अध्ययन किया गया.

सर्वे के अनुसार, “Just to be clear” को सबसे ज्यादा लोगों ने पैसिव-अग्रेसिव माना. 21% प्रतिभागियों ने इस वाक्यांश को सूची में सबसे ऊपर रखा. इसके बाद “Per my last email” 14% के साथ दूसरे स्थान पर रहा. “Kindly note” और “As previously discussed” 10-10% प्रतिक्रियाओं के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे.

अन्य ऐसे वाक्यांशों में “Just checking in”, “Not sure if you saw this”, “Going forward”, “For future reference” और “Friendly reminder” शामिल थे. सर्वे में यह भी पूछा गया कि लोग किन वाक्यांशों को खुद इस्तेमाल करते हैं, भले ही वे उन्हें पूरी तरह पसंद न करते हों. “Thanks in advance”, “Following up”, “Just checking in” और “Any updates” इस सूची में सबसे ऊपर रहे.

कौन से वाक्यांश सबसे ज्यादा तनाव देते हैं

सर्वे में कुछ ऐसे ईमेल वाक्यांशों की भी पहचान की गई, जो लोगों को केवल परेशान नहीं करते, बल्कि तुरंत तनाव में डाल देते हैं. “Need this ASAP” को 56% प्रतिभागियों ने सबसे तनावपूर्ण बताया. इसके बाद “Can we chat?” को 40%, “Action required” को 34% और “Let’s take this offline” को 27% लोगों ने चुना.

सर्वे से जुड़े बयान में ZeroBounce के संस्थापक और CEO Liviu Tanase ने कहा कि लिखने वाले का इरादा पैसिव-अग्रेसिव होने का नहीं हो सकता, लेकिन कुछ वाक्यांशों के साथ जुड़ी धारणाएं इतनी मजबूत हो गई हैं कि पाठक उनमें छिपी नाराजगी महसूस करने लगता है. उनके अनुसार, “Just to be clear” इसका उदाहरण है—यह सुनने में सामान्य लगता है, लेकिन सर्वे में आधे से ज्यादा पेशेवरों ने इसमें अलग अर्थ पढ़ा.