नेपाल के चितवन जिले स्थित एवरेस्ट एकेडमी पदमपोखरी की शिक्षिका सीमा का अपने छात्रों के साथ डांस वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आ रहा है. वीडियो में सीमा स्कूल के गेट के बाहर सड़क पर बच्चों के साथ हिंदी गीत ‘दिलरुबा दिलनशीन’ पर डांस करती दिखाई देती हैं.

हरे और नीले रंग की स्कूल यूनिफॉर्म पहने बच्चे गले में स्कूल आई-कार्ड के साथ शिक्षिका के स्टेप्स दोहराते हैं. बच्चे पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ प्रस्तुति देते नजर आते हैं. वीडियो में उनकी तालमेल और मुस्कान ने दर्शकों का ध्यान खींचा है.

सीमा इससे पहले भी छात्रों के साथ डांस वीडियो Instagram पर साझा करती रही हैं. हालांकि, इस प्रस्तुति को उनके सामान्य दर्शक वर्ग से कहीं ज्यादा प्रतिक्रिया मिली. कई लोगों ने बच्चों के आत्मविश्वास और शिक्षिका के साथ उनके सहज जुड़ाव की सराहना की.

गीतकार ने कमेंट कर जताई खुशी

वीडियो पर ‘दिलरुबा दिलनशीन’ के गीतकार सिद्धांत कौशल ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सीमा और बच्चों को अपने गीत को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद कहा. कौशल ने यह भी लिखा कि बच्चों को उनके लिखे शब्दों पर लिप-सिंक करते देखना उनके दिन का खास पल रहा.

सोशल मीडिया यूजर्स ने शिक्षिका को बच्चों के साथ दोस्ताना और ऊर्जावान व्यवहार के लिए सराहा. कुछ दर्शकों ने कहा कि ऐसी शिक्षिका छात्रों के लिए स्कूल के अनुभव को यादगार बना सकती हैं. एक टिप्पणी में सीमा को ‘Gen Z teacher’ कहा गया, जबकि कुछ लोगों ने प्रस्तुति में सीमा के बगल में खड़े बच्चे को सबसे आकर्षक बताया.

कई वयस्क दर्शकों ने वीडियो देखकर अपने स्कूल के दिनों को याद किया और कहा कि बच्चों के साथ इस तरह जुड़ने वाला शिक्षक लंबे समय तक याद रहता है.