वीकेंड के नाश्ते में अगर आप रोजमर्रा के आलू, गोभी, प्याज या मूली के पराठों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो नींबू पराठा आजमा सकते हैं. इसमें नींबू का रस, हरी मिर्च, अदरक, भुना जीरा और चाट मसाला मिलाकर चटपटी स्टफिंग तैयार की जाती है. उबले और मैश किए आलू स्टफिंग को बांधने में मदद करते हैं.
सामग्री
इसके लिए 2 कप गेहूं का आटा, 1 छोटा चम्मच घी या तेल, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, नमक और आटा गूंधने के लिए गुनगुना पानी लें. स्टफिंग के लिए 1 से 2 चम्मच नींबू का रस, 1 कप उबले और मैश किए आलू, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया, आधा छोटा चम्मच कद्दूकस किया अदरक, भुना जीरा पाउडर और चाट मसाला लें. इसमें आधा छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और चौथाई छोटा चम्मच काला नमक भी मिलाया जा सकता है. सेंकने के लिए घी या मक्खन रखें.
बनाने का तरीका
आटे में अजवाइन, घी और नमक मिलाकर गुनगुने पानी से नरम आटा गूंधें. इसे 10 मिनट ढककर रख दें. एक बाउल में मैश किए आलू, नींबू का रस, हरी मिर्च, अदरक, धनिया, भुना जीरा, चाट मसाला, लाल मिर्च और काला नमक मिलाकर स्टफिंग तैयार करें.
आटे की लोई बेलकर बीच में करीब 2 चम्मच स्टफिंग रखें और किनारों को बंद कर दें. इसे हल्के हाथों से बेलें. गर्म तवे पर पराठा डालकर दोनों तरफ घी या मक्खन लगाएं और सुनहरा होने तक सेंकें. इसे दही, मक्खन या चाय के साथ परोसा जा सकता है.
