रायता भारतीय खाने के साथ परोसी जाने वाली ऐसी साइड डिश है, जो साधारण भोजन का स्वाद भी बढ़ा देती है. प्याज, बूंदी, लौकी और खीरे के रायते तो आमतौर पर घरों में बनाए जाते हैं, लेकिन उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बनने वाले खीरे के रायते में हरे नमक, जखिया और भुने जीरे का अलग स्वाद मिलता है.
यह रायता रोटी-सब्जी, दाल-चावल, पराठे और छोले के साथ परोसा जा सकता है. इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता.
सामग्री
इसके लिए एक खीरा, एक कटोरी दही, थोड़े धनिया पत्ते, एक से दो हरी मिर्च, दो से तीन लहसुन की कलियां, अदरक का छोटा टुकड़ा, एक छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच जखिया, स्वादानुसार नमक और एक चुटकी हल्दी चाहिए.
बनाने का तरीका
सबसे पहले खीरे को छीलकर धो लें और कद्दूकस कर लें. अगर खीरे में ज्यादा पानी हो तो उसे हल्का निचोड़कर अलग रख दें. अब धनिया पत्ते, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, थोड़ा जीरा और नमक मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. इस मिश्रण को बहुत बारीक पेस्ट बनाने की जरूरत नहीं है.
एक बड़े कटोरे में दही को अच्छी तरह फेंटें. इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा और तैयार हरे नमक का मिश्रण डालकर मिला दें. अब एक चुटकी हल्दी डालें और सभी सामग्री को फिर से अच्छी तरह मिलाएं.
पहाड़ी स्वाद के लिए तवा हल्का गर्म करें और उस पर जीरा व जखिया डालकर कुछ देर भूनें. इन्हें जलने से बचाएं. भुने हुए मसालों को हल्का दरदरा पीसकर रायते में मिला दें.
तैयार रायते को रोटी-सब्जी या दाल-चावल के साथ परोसें. इसे छोले के साथ भी साइड डिश के तौर पर खाया जा सकता है.
