काले चने की सामान्य सब्जी से अलग कुछ बनाना चाहते हैं तो पालक वाला पहाड़ी स्टाइल खट्टा-मीठा चना एक विकल्प हो सकता है. इस डिश में गुड़ और इमली से खट्टा-मीठा स्वाद आता है, जबकि पुदीना, करी पत्ता और मसाले इसका स्वाद बढ़ाते हैं. इसे रोटी या पूड़ी के साथ खाया जा सकता है और चाहें तो गरमागरम ऐसे ही भी परोस सकते हैं.
सामग्री
इस रेसिपी के लिए 250 ग्राम काले चने, 100 ग्राम पालक, 2 प्याज, 2 टमाटर और आधी छोटी कटोरी बेसन लें. इसके अलावा आधा कप गुड़, 5-6 चम्मच इमली का रस, 5-7 चम्मच पुदीने की पत्तियां, 3-5 करी पत्ते, आधा छोटा चम्मच जीरा और इतना ही अलसी के बीज चाहिए. 4-6 लहसुन की कलियां, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच धनिया पाउडर और नमक स्वादानुसार रखें.
बनाने का तरीका
काले चनों को 5-6 घंटे पानी में भिगोकर धो लें और फिर कुकर में उबालें. चने उबलने के बाद उनका पानी अलग रख लें. इमली को आधे गिलास पानी में उबालकर उसका रस निकाल लें.
कड़ाही में करी पत्ता, जीरा, अलसी के बीज और बारीक कटा लहसुन भूनें. अब प्याज और सूखे मसाले डालकर पकाएं. इसके बाद बेसन डालकर करीब 5 मिनट तक चलाते रहें, ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए.
अब इसमें चने का बचा हुआ पानी डालकर मिलाएं. कुछ देर पकाने के बाद गुड़, इमली का रस, लाल मिर्च पाउडर और पुदीना डालें. कटे हुए टमाटर मिलाकर ढक दें और करीब 5 मिनट पकाएं. अंत में कटी पालक और जरूरत के अनुसार पानी डालकर 10 मिनट पकाएं. तैयार चने को हरे धनिये से सजाकर परोसें.
