अजरबैजान की तीरंदाज यायलागुल रमजानोवा ने पेरिस 2024 ओलंपिक में उस समय प्रतिस्पर्धा की, जब वह करीब साढ़े छह महीने की गर्भवती थीं. महिला व्यक्तिगत मुकाबले के एलिमिनेशन राउंड में चीन की एन किक्सुआन के खिलाफ मुकाबला 5-5 से बराबर रहने के बाद टाईब्रेकर तक पहुंचा. निर्णायक एक तीर में रमजानोवा ने 10 अंक हासिल किए और अगले दौर में जगह बनाई.
रमजानोवा के मुताबिक, आखिरी तीर चलाने से ठीक पहले उन्हें अपने बच्चे की हलचल महसूस हुई थी. चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ से बातचीत में उन्होंने कहा, "मुझे आखिरी तीर चलाने से पहले अपने बच्चे की किक महसूस हुई और फिर मैंने 10 अंक हासिल किए." एन किक्सुआन का तीर 9 अंक पर गया, जिससे रमजानोवा मुकाबला जीत गईं.
गर्भावस्था को कमजोरी नहीं, ताकत माना
34 वर्षीय रमजानोवा का यह पहला ओलंपिक था. उन्होंने खेलों की तैयारी के दौरान गर्भावस्था को अपने खिलाफ जाने वाली चीज नहीं माना. उनके अनुसार, वह खुद को अकेले मुकाबला करते हुए नहीं देखती थीं, बल्कि उन्हें लगता था कि वह अपने बच्चे के साथ मिलकर प्रयास कर रही हैं.
रमजानोवा ने कहा, "मुझे अपनी गर्भावस्था के कारण असहज महसूस नहीं हुआ. इसके बजाय मुझे लगा कि मैं अकेले नहीं, बल्कि अपने बच्चे के साथ मिलकर लड़ रही हूं." उन्होंने गर्भावस्था के दौरान भी प्रशिक्षण जारी रखा और पेरिस में दुनिया के सामने प्रतिस्पर्धा की.
शूटिंग से शुरू हुआ था खेल सफर
रमजानोवा ने शुरुआत में शूटिंग की थी. बाद में एक कोच ने उनके लंबे हाथों को देखते हुए सुझाव दिया कि वह तीरंदाजी के लिए अधिक उपयुक्त हो सकती हैं. इसके बाद उन्होंने खेल बदला और अजरबैजान की उन चुनिंदा तीरंदाजों में शामिल हुईं, जिन्होंने ओलंपिक स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया.
पेरिस में उनका सफर राउंड ऑफ 16 में जर्मनी की मिशेल क्रोपेन से हार के साथ समाप्त हुआ. हालांकि, गर्भावस्था के दौरान ओलंपिक में हिस्सा लेने और टाईब्रेकर में परफेक्ट 10 लगाने की वजह से उनकी कहानी खेलों की चर्चित घटनाओं में शामिल हो गई.
बेटी अलिफा को भी तीरंदाजी में रुचि
ओलंपिक के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के अनुसार, कुछ महीने बाद रमजानोवा की बेटी अलिफा का जन्म हुआ. रमजानोवा ने बताया कि उनकी बेटी को शूटिंग पसंद है और उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर तीरंदाजी अपना सकती है.
रमजानोवा को साथी खिलाड़ियों का भी समर्थन मिला. अमेरिकी तीरंदाज कैसी काफहोल्ड ने गर्भवती खिलाड़ियों के ओलंपिक में हिस्सा लेने को सकारात्मक बताया था. उन्होंने कहा था कि एक दिन रमजानोवा अपनी बेटी से कह सकेंगी कि वह ओलंपिक में गई थीं और उस समय बेटी भी उनके साथ थी.
