मेजर ऋषभ सिंह साम्ब्याल ने 30 वर्ष की उम्र में भारतीय सेना से समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने का फैसला किया है. वह करीब तीन साल तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के Aide-de-Camp (ADC) रहे. अपने हालिया पॉडकास्ट इंटरव्यू और बाद में साझा किए गए वीडियो में साम्ब्याल ने बताया कि सेना छोड़ना उनके जीवन के सबसे कठिन फैसलों में से एक था.
साम्ब्याल के अनुसार, उनका जीवन ऐसे मोड़ पर पहुंच गया था जहां परिवार, निजी फैसलों और भविष्य की योजनाओं को लगातार पीछे नहीं रखा जा सकता था. उन्होंने कहा कि इस निर्णय पर पहुंचने से पहले उन्होंने करीब चार महीने तक विचार किया.
12 साल की सैन्य सेवा
साम्ब्याल ने कम उम्र में National Defence Academy जॉइन की और बाद में Indian Military Academy में प्रशिक्षण लिया. वह Army की 4 Para Special Forces का हिस्सा रहे. 2021 की Republic Day Parade में उन्होंने Jat Regiment की टुकड़ी का नेतृत्व किया था. इस टुकड़ी को Best Marching Contingent Trophy भी मिली थी.
2023 में उनका चयन राष्ट्रपति के ADC के रूप में हुआ. इसके बाद वह राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यक्रमों, समारोहों और सार्वजनिक आयोजनों में उनके साथ नजर आते रहे.
ADC की जिम्मेदारी और निजी जीवन
साम्ब्याल ने बताया कि राष्ट्रपति के ADC की भूमिका में लगातार सतर्क रहना, प्रोटोकॉल का पालन करना और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध रहना शामिल है. उनके मुताबिक, इस जिम्मेदारी के कारण सामान्य निजी जीवन के लिए बहुत कम समय बचता था.
उन्होंने यह भी कहा कि ADC के रूप में सेवा के दौरान विवाह को लेकर प्रतिबंध होता है और इसी वजह से वह अपने कार्यकाल में अविवाहित रहे. यह बात उन्होंने अपने अनुभव के संदर्भ में कही है. उनके अनुसार, परिवार से दूर रहना इस सेवा की सबसे बड़ी व्यक्तिगत कीमतों में से एक था.
साम्ब्याल ने बताया कि वह 2014 से अपनी मां के साथ नियमित रूप से नहीं रह पाए. सैन्य तैनाती के कारण वह घर लौटते थे, लेकिन कुछ समय बाद फिर महीनों के लिए बाहर चले जाते थे. राष्ट्रपति मुर्मू से पहली मुलाकात को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उनमें अपनी मां जैसी आत्मीयता महसूस हुई.
सेना के बाहर नई शुरुआत
साम्ब्याल ने स्पष्ट किया कि उनका फैसला शादी या विदेश जाने की योजना की वजह से नहीं था. उन्होंने कहा कि वह अभी अविवाहित हैं और तत्काल विवाह की कोई योजना नहीं है.
सेना में हासिल अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी के अनुभव के आधार पर अब वह युवाओं को प्रेरित करने वाले काम की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं. उनके लिए वर्दी छोड़ना सैन्य जीवन का अंत नहीं, बल्कि जीवन के अगले अध्याय की शुरुआत है.
