समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज इन दिनों अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सादगी भरे पहनावे को लेकर भी चर्चा में हैं. न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम से सामने आई उनकी तस्वीरों में वह बैंगनी रंग की साड़ी पहने नजर आईं. साड़ी के गुलाबी बॉर्डर और पल्लू पर हल्के काम ने उनके लुक को खास बनाया.

प्रिया सरोज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इन तस्वीरों को साझा किया है. पोस्ट के कैप्शन के अनुसार, वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के पहले दिन सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं. इस दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत की भागीदारी पर ब्रीफिंग और समावेशी व टिकाऊ विकास से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के साथ बातचीत का उल्लेख भी किया गया.

साड़ी के साथ हल्की ज्वेलरी

प्रिया ने बैंगनी साड़ी के साथ मैचिंग ब्लाउज पहना. उन्होंने अपने लुक को भारी-भरकम एक्सेसरीज से दूर रखते हुए कानों में छोटे ईयररिंग्स, हाथ में घड़ी और माथे पर छोटी काली बिंदी लगाई.

मेकअप भी हल्का रखा गया था. काजल, लिपस्टिक और हल्के ब्लश के साथ उनका लुक नैचुरल दिखाई दिया. तस्वीरों में वह कभी बालों को खुला रखे और बाद में बन में नजर आईं.

विदेशी मंच पर साड़ी पहनकर पहुंचीं प्रिया का पहनावा पारंपरिक होने के साथ औपचारिक भी रहा. सोशल मीडिया पोस्ट पर लोगों ने उनके सादे और शालीन अंदाज की तारीफ की.