दिवाली के बाद इस्तेमाल किए गए मिट्टी के दीयों को बेकार समझकर फेंकने की जरूरत नहीं है. थोड़ी-सी रचनात्मकता और घर में मौजूद सामान की मदद से इन्हें खूबसूरत वॉल हैंगिंग में बदला जा सकता है. यह डेकोरेटिव पीस लिविंग रूम, बालकनी या घर के प्रवेश द्वार की दीवार पर सजाया जा सकता है.

किन चीजों की जरूरत होगी

इस DIY डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल किए हुए मिट्टी के दीये, करीब 24 इंच का गोल गत्ता या एमडीएफ बोर्ड, मजबूत ग्लू और एक्रेलिक रंग चाहिए. डिजाइन को आकर्षक बनाने के लिए फिरोजी, गुलाबी, नारंगी, पीला, बैंगनी, सफेद और गोल्डन रंग लिए जा सकते हैं. इसके अलावा छोटे चौकोर शीशे और गोल्डन पर्ल बीड्स की चेन भी इस्तेमाल होगी.

ऐसे तैयार करें वॉल हैंगिंग

सबसे पहले पुराने दीयों को पानी और ब्रश की मदद से अच्छी तरह साफ करें, ताकि उन पर लगी कालिख और तेल निकल जाए. इसके बाद उन्हें पूरी तरह सूखने दें.

अब गोल गत्ते या एमडीएफ बोर्ड पर पेंसिल से एक के अंदर एक कई गोलाकार निशान बनाएं. इन निशानों की मदद से दीयों को समान दूरी पर सजाना आसान होगा. दीयों को इस तरह व्यवस्थित करें कि पूरा पैटर्न फूल या मंडला जैसा नजर आए. डिजाइन पसंद आने के बाद उन्हें मजबूत ग्लू से बोर्ड पर चिपका दें.

ग्लू सूखने पर दीयों और बेस को एक्रेलिक रंगों से सजाएं. दीयों के अंदर सफेद रंग से छोटे फूल या अन्य डिजाइन बनाए जा सकते हैं. खाली जगहों पर छोटे शीशे चिपकाएं और किनारों पर गोल्डन मोतियों की चेन लगाएं.

अंत में रंग और ग्लू पूरी तरह सूखने दें. पीछे की तरफ मजबूत हैंगिंग हुक लगाकर इसे दीवार पर टांगा जा सकता है.