सर्दियों के कपड़े निकालते समय अक्सर ऐसे स्वेटर, कार्डिगन और ऊनी इनर मिल जाते हैं जो छोटे हो चुके होते हैं, घिस गए हैं या अब इस्तेमाल में नहीं आते. इन्हें फेंकने या कबाड़ में देने के बजाय घर के काम की कई चीजों में बदला जा सकता है.

बिना सिलाई बनाएं कुशन कवर

किसी पुराने प्रिंटेड या बुने हुए स्वेटर की बॉडी में कुशन डालें. कुशन के आकार के अनुसार कपड़े को चौकोर काटकर चारों किनारों पर करीब दो-दो इंच की पट्टियां बनाएं. आमने-सामने की पट्टियों में गांठ बांधने से बिना सिलाई का गर्म और सजावटी कुशन कवर तैयार हो जाएगा.

आस्तीन से बनाएं सॉक्स और ग्लव्स

स्वेटर की आस्तीन कोहनी या कंधे के पास से काट लें. कलाई वाला हिस्सा पैर या हाथ में पहनने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. कटे हुए ऊपरी हिस्से को सुई-धागे से बंद करने पर ये घर में पहनने के लिए गर्म बूट सॉक्स या ग्लव्स की तरह काम कर सकते हैं.

पालतू जानवरों के लिए गर्म बिस्तर

एक बड़े पुराने स्वेटर में रुई, पुराने कपड़े या कुशन की भराई करें. इसके गले और नीचे के हिस्से को सिल दें. दोनों आस्तीनों में भी भराई करके उन्हें आपस में जोड़ने से पालतू जानवरों के लिए आरामदायक बिस्तर बनाया जा सकता है.

ऊनी डोरमैट और बोतल कवर

मोटे स्वेटरों को करीब दो इंच चौड़ी पट्टियों में काटकर उनकी चोटियां गूंथें. इन्हें गोल या चौकोर आकार में घुमाकर सुई-धागे से जोड़ने पर डोरमैट तैयार हो सकता है.

स्वेटर की आस्तीन के कलाई वाले हिस्से को चार-पांच इंच काटकर कांच की बोतल, कॉफी मग या जार पर चढ़ाया जा सकता है. यह कवर वस्तु को पकड़ने में मदद करता है और उसे ऊनी लुक देता है.