HealthWealth Summit 2026 के समापन सत्र में वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने पहली बार सार्वजनिक मंच पर अपने प्रोस्टेट कैंसर के निदान, इलाज और उससे उबरने का अनुभव साझा किया. ‘कैंसर सर्वाइवर’ विषय पर हुई बातचीत में इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के सीनियर यूरोलॉजिस्ट डॉ. अंशुमन अग्रवाल भी शामिल रहे.

राजदीप ने बताया कि पिछले साल जून में बायोप्सी रिपोर्ट के बाद उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि ट्यूमर सौम्य नहीं है और कैंसर शुरुआती चरण में होने के बावजूद हाई-ग्रेड है. उस समय वह इंग्लैंड जाने और लॉर्ड्स में भारत-इंग्लैंड मैच देखने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने कहा कि खबर मिलने के बाद कुछ समय के लिए सब कुछ ठहर-सा गया.

राजदीप के अनुसार, उनके डॉक्टर बेटे ने उन्हें हिम्मत देते हुए कहा कि यह ऐसा कैंसर है जिसका इलाज संभव है. उन्होंने बीमारी के बाद ग्लीसन स्कोर और PSA टेस्ट के बारे में पढ़ना शुरू किया. उनका पहला सवाल यह था कि इलाज के बाद वह कितने समय में ऑफिस और स्टूडियो लौट सकेंगे.

रूटीन जांच के दौरान चला बीमारी का पता

राजदीप ने बताया कि वह एक रूटीन हर्निया ऑपरेशन के लिए अस्पताल गए थे. इसी दौरान ब्लड टेस्ट और MRI में प्रोस्टेट कैंसर का पता चला. उन्होंने नियमित कैंसर जांच को अधिक सुलभ बनाने की जरूरत बताई और कहा कि आयुष्मान भारत या बीमा योजनाओं के तहत ऐसी जांचों को शामिल किया जाना चाहिए.

डॉ. अंशुमन अग्रवाल ने कहा कि प्रोस्टेट कैंसर के शुरुआती चरण में अक्सर लक्षण दिखाई नहीं देते. उनके मुताबिक PSA यानी Prostate Specific Antigen टेस्ट जोखिम का समय रहते पता लगाने में मदद कर सकता है. उन्होंने 50 वर्ष की उम्र के बाद नियमित स्क्रीनिंग की सलाह दी. परिवार में इस बीमारी का इतिहास होने पर 40 से 50 वर्ष के बीच डॉक्टर से जांच की योजना पर चर्चा करने को कहा.

ऑपरेशन के बाद अस्पताल में बिताए पांच दिनों को याद करते हुए राजदीप ने बताया कि उन्होंने तनाव से दूर रहने के लिए कॉमेडी फिल्में देखीं और किशोर कुमार के गाने सुने. उन्होंने सकारात्मक सोच को अपने लिए महत्वपूर्ण बताया, लेकिन साथ ही डॉक्टरों की भूमिका को भी निर्णायक माना.

राजदीप ने अपनी पत्नी, बच्चों, दोस्तों और असिस्टेंट सुरिंदर नागर को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें सिखाया कि जिंदगी को हल्के में नहीं लेना चाहिए और अपनों का साथ किसी भी आर्थिक संपत्ति से अधिक महत्वपूर्ण है.