भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज 4 दिसंबर को शादी करने जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाह समारोह लखनऊ के रामाडा होटल में होगा और दोनों परिवारों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. समारोह में परिवार के सदस्यों, करीबी रिश्तेदारों और कुछ खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है.
रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश से आते हैं, जबकि प्रिया सरोज राज्य की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं. दोनों ने 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में सगाई की थी.
सोशल मीडिया से शुरू हुई कहानी
रिंकू के अनुसार, दोनों की बातचीत कोविड महामारी के दौर में शुरू हुई थी, जब आईपीएल के मुकाबले मुंबई में खेले जा रहे थे. उन्होंने एक फैन पेज पर प्रिया की तस्वीर देखी थी. रिंकू ने बताया था कि वह उन्हें संदेश भेजने को लेकर असमंजस में थे, लेकिन प्रिया द्वारा उनकी कुछ इंस्टाग्राम तस्वीरों को पसंद किए जाने के बाद उन्होंने पहल की. इसके बाद दोनों नियमित रूप से बातचीत करने लगे. रिंकू ने कहा था कि 2022 में उन्हें इस रिश्ते को लेकर अपनी भावनाओं का एहसास हुआ.
रिश्ता आगे बढ़ने के बाद दोनों ने जून 2025 में सगाई कर इसे सार्वजनिक किया. प्रिया को रिंकू के क्रिकेट मुकाबलों के दौरान दर्शकदीर्घा में उनका समर्थन करते हुए भी देखा गया है. इनमें कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले शामिल हैं, जहां वह कोलकाता नाइट राइडर्स के इस क्रिकेटर का उत्साह बढ़ाती नजर आई थीं.
अब सगाई के बाद दोनों लखनऊ में विवाह की तैयारियों में जुटे हैं.
