19वीं सदी के भारत में बाल विवाह आम सामाजिक प्रथा थी, लेकिन रुख्माबाई राउत ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया. 11 वर्ष की उम्र में विवाह के बाद उन्होंने अपने पति दादाजी भीकाजी के साथ रहने के बजाय अपनी पढ़ाई और स्वतंत्र जीवन जारी रखने का फैसला किया. वर्षों बाद यही निर्णय एक महत्वपूर्ण कानूनी लड़ाई का कारण बना.

रुख्माबाई का जन्म 22 नवंबर 1864 को बॉम्बे, वर्तमान मुंबई, में हुआ था. उनके जैविक पिता की मृत्यु के बाद उनकी मां जयंतीबाई ने डॉक्टर और समाज सुधारक डॉ. सखाराम अर्जुन से विवाह किया. डॉ. अर्जुन ने रुख्माबाई की शिक्षा को प्रोत्साहित किया. 11 वर्ष की उम्र में उनका विवाह 19 वर्षीय दादाजी भीकाजी से हुआ, लेकिन वह अपने माता-पिता के घर पर ही रहीं.

वैवाहिक अधिकार पर ऐतिहासिक मुकदमा

1884 में भीकाजी ने अदालत में ‘वैवाहिक अधिकारों की पुनर्स्थापना’ की मांग की. उनका आग्रह था कि अदालत रुख्माबाई को उनके साथ रहने का आदेश दे. इस मामले ने यह सवाल सार्वजनिक बहस के केंद्र में ला दिया कि बचपन में हुए विवाह के आधार पर किसी महिला को वयस्क होने पर पति के साथ रहने के लिए मजबूर किया जा सकता है या नहीं.

सितंबर 1885 में बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रॉबर्ट हिल पिन्हे ने रुख्माबाई के पक्ष में फैसला दिया. हालांकि 1886 में यह निर्णय अपीलीय अदालत में पलट गया. 1887 में अदालत ने भीकाजी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए रुख्माबाई को उनके साथ रहने या छह महीने की जेल की सजा भुगतने का आदेश दिया.

रुख्माबाई ने इस दबाव के सामने झुकने के बजाय ‘ए हिंदू लेडी’ नाम से लेख लिखे. उन्होंने बाल विवाह और महिलाओं की पसंद छीनने की प्रथा पर सवाल उठाया. ब्रिटेन की महिला सुधारकों समेत कई लोगों ने उनके अभियान का समर्थन किया और उनके मामले को लेकर रुख्माबाई डिफेंस कमेटी भी बनाई गई.

₹2,000 का समझौता और चिकित्सा सेवा

1888 में समझौते के तहत रुख्माबाई के कानूनी प्रतिनिधियों ने भीकाजी को ₹2,000 देने का प्रस्ताव रखा. इसके बदले भीकाजी ने अदालत के आदेश को लागू कराने और रुख्माबाई के व्यक्ति या संपत्ति पर आगे दावा करने का अधिकार छोड़ दिया. इसे अक्सर किसी महिला द्वारा पुरुष को ‘गुजारा भत्ता’ देने के रूप में बताया जाता है, लेकिन तकनीकी रूप से यह वैवाहिक अधिकारों से जुड़े दावे को समाप्त करने का समझौता था.

इसके बाद रुख्माबाई इंग्लैंड गईं और लंदन स्कूल ऑफ मेडिसिन फॉर Women में पढ़ाई की. 1895 में भारत लौटकर उन्होंने सूरत के महिला अस्पताल में काम किया और बाद में राजकोट के जेनाना स्टेट अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनीं. उन्हें सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के लिए कैसर-ए-हिंद पदक भी मिला. 1929 में सेवानिवृत्त होने के बाद 25 सितंबर 1955 को बॉम्बे में 90 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ.