रूस की इंडोलॉजिस्ट और भाषा-विज्ञानी डॉ. ल्यूडमिला खोखलोवा को भारतीय भाषाओं और इंडोलॉजिकल अध्ययन में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 23 जून 2026 को राष्ट्रपति भवन में साहित्य और शिक्षा श्रेणी के तहत उन्हें यह सम्मान प्रदान किया.
मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ एशियन एंड अफ्रीकन स्टडीज के भारतीय भाषाशास्त्र विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर खोखलोवा ने पांच दशक से अधिक समय हिंदी, पंजाबी और अन्य नई इंडो-आर्यन भाषाओं के अध्ययन, शोध और अध्यापन में बिताए हैं.
सम्मान की जानकारी मिलने पर उन्होंने खुशी के साथ जिम्मेदारी महसूस होने की बात कही. हिंदी में उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हुई और मुझे गर्व महसूस हुआ. लेकिन मुझे लगता है कि मैंने इतना बड़ा काम नहीं किया कि मुझे इतना बड़ा पुरस्कार मिले. इसलिए मैं अपनी पूरी कोशिश करूंगी कि इस पुरस्कार के योग्य बन सकूं.”
हिंदी से शुरू हुआ अकादमिक सफर
31 अक्टूबर 1945 को रूस में जन्मी खोखलोवा ने मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी में हिंदी को अपना अकादमिक विषय चुना. उन्होंने 1970 में हिंदी भाषा और साहित्य में एमए किया. 1974 में मॉस्को स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिंग्विस्टिक्स, एकेडमी ऑफ साइंसेज से भारतीय भाषाविज्ञान में पीएचडी पूरी की. उनके शोध का विषय हिंदी और राजस्थानी का तुलनात्मक अध्ययन था.
बाद में उनका काम हिंदी से आगे बढ़कर पंजाबी और पश्चिमी नई इंडो-आर्यन भाषाओं के ऐतिहासिक विकास तक पहुंचा. वह स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी-पंजाबी पढ़ाती हैं. उनके पाठ्यक्रमों में हिंदी-उर्दू व्याकरण, वाक्य-विन्यास संबंधी भाषाविज्ञान, सामान्य भाषाविज्ञान और भाषाओं के ऐतिहासिक विकास जैसे विषय शामिल हैं. वह भारतीय भाषाविज्ञान पर शोध कर रहे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी करती हैं.
पद्म पुरस्कार citation के अनुसार, खोखलोवा ने रूसी, अंग्रेजी और हिंदी में छह पुस्तकें और 92 शोध-पत्र लिखे हैं. उनका शोध ध्वनिविज्ञान, स्वनिम-विज्ञान, रूपविज्ञान, शब्दावली-वर्गीकरण और ऐतिहासिक भाषाविज्ञान जैसे क्षेत्रों से जुड़ा है.
रूसी छात्रों को भारत से जोड़ने का प्रयास
खोखलोवा का काम केवल कक्षा और शोध-पत्रों तक सीमित नहीं रहा. वह रूसी विद्यार्थियों को भारत की भाषा के साथ उसके इतिहास, संस्कृति और अर्थव्यवस्था को समझने के लिए प्रेरित करती हैं. उनका कहना है कि वह छात्रों के दिल में भारत के प्रति प्रेम जगाने की कोशिश करती हैं.
उनके अनुसार, पहले कुछ विद्यार्थी या उनके अभिभावक यह मानते थे कि भारत में सभी लोग अंग्रेजी बोलते हैं, इसलिए हिंदी सीखने का खास लाभ नहीं है. हालांकि, भारत में हिंदी के बढ़ते इस्तेमाल को देखकर यह धारणा बदल रही है.
खोखलोवा 2007 और 2013 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय तथा 2016 में हैदराबाद विश्वविद्यालय में अकादमिक यात्राओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल हुईं. जेएनयू के रिकॉर्ड में उनके व्याख्यान और अकादमिक भागीदारी का भी उल्लेख है.
पंजाबी और सिख धर्मग्रंथों पर काम
उनका शोध सिख धर्म की उत्पत्ति और विकास तक भी विस्तारित हुआ. उन्होंने पंजाबी से गुरु नानक की ‘जपुजी साहिब’ और दसवें सिख गुरु गोबिंद सिंह से जुड़े ‘जाप साहिब’ का रूसी में अनुवाद किया. इससे रूसी पाठकों के लिए भारतीय धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं को अपनी भाषा में समझने का अवसर बना.
2005 में पंजाबी अध्ययन में योगदान के लिए उन्हें लंदन स्थित पंजाबी Sath ने सम्मानित किया था. 2007 में भारत सरकार ने रूस में हिंदी अध्ययन के लिए उनके योगदान को मान्यता दी थी. पद्मश्री के बाद भी उनका ध्यान विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं और संस्कृति से जोड़ने पर बना हुआ है.
