एक कंटेंट क्रिएटर का साधारण शाकाहारी नाश्ता सोशल मीडिया पर चर्चा में है. तमाल, जो Instagram पर ‘mantra_saadhana’ नाम से कंटेंट साझा करते हैं, इसे ‘सनातनी प्रोटीन ब्रेकफास्ट’ कहते हैं. उनके मुताबिक, यह भोजन फिटनेस रूटीन और आध्यात्मिक अभ्यास—दोनों का हिस्सा है.

इस नाश्ते में टोफू, दही, टमाटर, खीरा, सेब और ब्रेड शामिल हैं. टोफू को छोटे टुकड़ों में काटकर घी में जीरा, हींग और हल्दी के साथ पकाया जाता है. इसमें नमक और काली मिर्च डाली जाती है और पकते समय टोफू को हल्का मैश किया जाता है. इसके बाद इसे दही और ताजी सब्जियों के साथ परोसा जाता है.

भोजन से पहले धार्मिक अनुष्ठान

तमाल के नाश्ते की खास बात सिर्फ इसकी सामग्री नहीं है. खाने से पहले वह प्लेट में तुलसी के पत्ते रखते हैं और भोजन को घर की वेदी पर ले जाकर ईश्वर को अर्पित करते हैं. इसके बाद वह इसे प्रसाद मानकर ग्रहण करते हैं. वीडियो में उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान “चेतना को शुद्ध” करने में मदद करता है.

तमाल खुद को शाकाहारी बॉडीबिल्डर और सनातन धर्म का अनुयायी बताते हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह मूल रूप से इजरायल से हैं और 2009 में परिवार के साथ भारत आए थे. उन्होंने पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित एक पारंपरिक गुरुकुल में 12 साल तक पढ़ाई की. वहां उन्होंने संस्कृत, वैदिक मंत्र, पूजा-पद्धति और हवन का अध्ययन करने की बात कही है.

2021 में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हवन-यज्ञ, मंत्रोच्चार और अपने आध्यात्मिक जीवन से जुड़ा कंटेंट साझा करते हैं. उनका यह नाश्ता इसी मिश्रण को दिखाता है—प्रोटीन के लिए टोफू, स्वाद के लिए घी और तड़का, साथ में फल-सब्जियां और भोजन से पहले व्यक्तिगत धार्मिक आस्था.