सारा तेंदुलकर ने इस दिवाली नया आउटफिट खरीदने के बजाय अपने पुराने एथनिक सूट को दोबारा पहनकर फैशन का अलग उदाहरण पेश किया. उन्होंने दोस्तों के साथ दिवाली सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनमें वह पारंपरिक अंदाज में नजर आईं.

सारा ने डिजाइनर ब्रांड तोरानी का मल्टीकलर कुर्ता सेट पहना. इस आउटफिट में लाल, नारंगी और मैरून जैसे चटख रंगों का इस्तेमाल है. कुर्ते पर स्क्वायर पैटर्न के साथ बारीक फ्लोरल कढ़ाई की गई है और बीच में हाथी का डिजाइन बना है. हरे और नारंगी धागों की लटकन के साथ सफेद शेल डिटेलिंग कुर्ते को पारंपरिक लुक देती है.

दुपट्टे और जूलरी से बदला अंदाज

भाई अर्जुन की मेहंदी सेरेमनी में सारा ने इसी सूट के साथ दुपट्टा नहीं पहना था. दिवाली पर उन्होंने इसके साथ रंग-बिरंगा दुपट्टा लिया, जिस पर लाइनिंग पैटर्न, मिरर और सेक्विन वर्क नजर आता है. इससे पूरे लुक में फेस्टिव टच जुड़ गया और आउटफिट को पहले से अलग रूप मिला.

जूलरी में सारा ने पर्ल ड्रॉप्स वाला गोल्ड चोकर, मैचिंग ईयररिंग्स और पारंपरिक चूड़ियां पहनीं. मेहंदी के दौरान उन्होंने इसी सूट के साथ हैवी नेकलेस पहना था, जबकि दिवाली पर हल्की जूलरी चुनकर उन्होंने कपड़ों की कढ़ाई को प्रमुखता दी.

हेयरस्टाइल में भी बदलाव दिखा. कुछ तस्वीरों में सारा खुले बालों के साथ सॉफ्ट वेव्स में नजर आईं, जबकि अन्य तस्वीरों में उन्होंने गजरे से सजा लो बन बनाया. मेकअप को उन्होंने सॉफ्ट और नेचुरल रखा. न्यूड-पिंक लिप्स, हल्का आईलाइनर और छोटी बिंदी उनके फेस्टिव लुक का हिस्सा रहे.

पुराने सूट को नया लुक देने के तरीके

पुराने सूट को दोबारा पहनते समय सबसे आसान बदलाव दुपट्टे में किया जा सकता है. पुराने दुपट्टे की जगह कॉन्ट्रास्ट रंग का मिरर वर्क या एम्ब्रॉयडरी वाला दुपट्टा पूरे आउटफिट का लुक बदल सकता है.

अगर सूट पर पहले से हैवी कढ़ाई है, तो बहुत ज्यादा जूलरी के बजाय पर्ल चोकर, छोटे झुमके या गोल्डन ईयररिंग्स चुने जा सकते हैं. वहीं, सिंपल सूट के साथ हैवी झुमके या चांदबाली बेहतर विकल्प हो सकते हैं. खुले बाल, सॉफ्ट कर्ल्स, लो बन या गजरे वाला जुड़ा भी पुराने एथनिक आउटफिट को नया अंदाज दे सकता है. रंगीन और कढ़ाईदार सूट के साथ सटल मेकअप, न्यूड या पिंक लिपस्टिक और छोटी बिंदी संतुलित फेस्टिव लुक बनाने में मदद कर सकती है.