रसोई में धनिया अक्सर दाल, चटनी, रायता, पोहा और सब्जियों में इस्तेमाल होता है. सर्दियों में इसे गमले में उगाकर घर पर ताजा पत्तियां तैयार की जा सकती हैं. इसके लिए बालकनी या ऐसी जगह चुनी जा सकती है जहां पौधे को पर्याप्त सीधी धूप मिले.

सही बीज और गमला चुनें

धनिया के बीज असल में पौधे के सूखे फल होते हैं. बुवाई के लिए बेचे जाने वाले बीज बेहतर विकल्प माने जाते हैं, क्योंकि उन्हें अच्छी तरह अंकुरित होने के लिए तैयार किया जाता है. पुराने बीजों की अंकुरण क्षमता कम हो सकती है. बुवाई से पहले बीजों के कठोर छिलके को हल्के हाथ से दबाकर थोड़ा चटका सकते हैं. यह जरूरी नहीं है, लेकिन इससे अंकुर निकलने में कुछ दिन कम लग सकते हैं. सभी बीजों के उगने की गारंटी नहीं होती, इसलिए पर्याप्त मात्रा में बीज बोना बेहतर है.

धनिया की जड़ नीचे की ओर बढ़ती है, इसलिए गमले की चौड़ाई से ज्यादा उसकी गहराई महत्वपूर्ण है. 8 से 12 इंच गहरा, यानी करीब 30 सेंटीमीटर का गमला लें. उसमें जल निकासी के छेद जरूर हों, क्योंकि लगातार गीली मिट्टी जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है. हल्की और पानी निकालने वाली मिट्टी के लिए बगीचे की मिट्टी में कंपोस्ट मिलाया जा सकता है.

बुवाई और शुरुआती देखभाल

मिट्टी को हल्का गीला करके बीजों को लगभग 1 से 2 इंच की दूरी पर फैलाएं और करीब चौथाई इंच मिट्टी से ढक दें. बहुत गहराई में बोने से अंकुरण धीमा हो सकता है. सामान्यतः 7 से 10 दिनों में अंकुर निकलते हैं, हालांकि ठंडे मौसम में इसमें दो से तीन सप्ताह लग सकते हैं.

सर्दियों में मिट्टी को समान रूप से नम रखें, लेकिन पानी जमा न होने दें. पौध निकलने के बाद उन्हें करीब 6 इंच की दूरी पर रखें. अतिरिक्त पौधों को जड़ समेत खींचने के बजाय कैंची से काटना बेहतर है, ताकि बाकी पौधों की जड़ें प्रभावित न हों. धनिया को रोजाना करीब 5 से 6 घंटे सीधी धूप चाहिए. मिट्टी की ऊपरी परत सूखी लगे तभी पानी दें और गमले को पूरी तरह सूखने या लगातार डूबा रहने से बचाएं.