भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने Axiom-4 मिशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मैंगो सलाद तैयार करने का तरीका दिखाया. उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में भोजन पृथ्वी की तरह सीधे परोसा नहीं जाता, बल्कि उसकी प्रकृति के अनुसार उसे दोबारा तैयार करना पड़ता है.
शुक्ला ने वीडियो में डिहाइड्रेटेड मैंगो सलाद का एक पैकेट दिखाया. पैकेट पर दिए निर्देशों के मुताबिक इसमें 50 मिलीलीटर ठंडा पानी डालकर 5 से 10 मिनट तक रखने की जरूरत थी. इसके लिए उन्होंने स्टेशन पर मौजूद एक मशीन का इस्तेमाल किया, जो पैक किए गए भोजन में पानी भरती है.
पानी डालने के बाद शुक्ला ने पैकेट को हटाकर उसकी सामग्री को धीरे-धीरे मिलाया और दबाकर मिश्रण को एकसार किया. इसके बाद उन्होंने दोबारा पैकेट को मिलाया और उसे फ्रिज में रख दिया. उन्होंने बताया कि भोजन को दोबारा हाइड्रेट करने के बाद अंतरिक्ष यात्री उसे अपनी पसंद के तापमान पर खा सकते हैं. इसे फ्रिज में ठंडा किया जा सकता है या फूड वार्मर में गर्म किया जा सकता है.
अंतरिक्ष स्टेशन पर फ्रिज है, माइक्रोवेव नहीं
शुक्ला के मुताबिक ISS पर फ्रिज मौजूद है, लेकिन माइक्रोवेव नहीं है. इसलिए भोजन तैयार करने की प्रक्रिया स्टेशन पर उपलब्ध उपकरणों पर निर्भर करती है. अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले भोजन के कई प्रकार होते हैं, जिनमें डिहाइड्रेटेड, फ्रीज-ड्राइड और थर्मली स्टेबलाइज्ड खाद्य पदार्थ शामिल हैं. हर प्रकार के भोजन को खाने से पहले अलग तरीके से तैयार करना पड़ता है.
उन्होंने अंतरिक्ष में भोजन करते समय क्रम्ब्स यानी खाने के छोटे टुकड़ों की समस्या भी बताई. माइक्रोग्रैविटी में ये टुकड़े नीचे गिरने के बजाय हवा में तैर सकते हैं और स्टेशन के उपकरणों तक पहुंच सकते हैं. इसी वजह से भोजन को पैकेट या अन्य नियंत्रित तरीके से संभालना जरूरी होता है.
शुक्ला ने इससे पहले मिशन के दौरान अंतरिक्ष में केक तैयार करने का वीडियो भी साझा किया था. मैंगो सलाद की प्रक्रिया के जरिए उन्होंने दिखाया कि कक्षा में एक साधारण भोजन भी थोड़ी तकनीक, सावधानी और धैर्य मांगता है.
