अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने बताया है कि उन्होंने और उनके पति चैतन्य शर्मा ने बच्चे न करने यानी child-free रहने का फैसला कैसे लिया. सोहा अली खान के पॉडकास्ट ‘All About Her’ में बातचीत के दौरान श्वेता ने कहा कि कभी वह मां बनने की कल्पना करती थीं, लेकिन समय के साथ मातृत्व और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर उनकी सोच बदलती गई.
श्वेता ने बताया कि उन्हें हमेशा बच्चे पसंद रहे हैं. बचपन में एक शादी के दौरान मिले छोटे बच्चे की याद उनके मन में रह गई थी और वह बड़ी होकर मां बनने की कल्पना करती थीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह ऐसा बच्चा चाहती थीं जो ‘बंदर जैसा’ हो—शिष्ट और अच्छा व्यवहार करने वाला, लेकिन साथ ही जिज्ञासु, साहसी और स्वतंत्र भी.
हालांकि, दोस्तों और परिवार में बच्चों की परवरिश को करीब से देखने के बाद उन्हें लगा कि parenting केवल खुशी और भावनाओं तक सीमित नहीं है. उन्होंने माताओं की जिम्मेदारियों को कठिन बताते हुए कहा कि बच्चे पालने में साहस, ताकत और त्याग की जरूरत होती है.
रिश्ते के अनुभव ने बदली सोच
श्वेता ने एक अस्वस्थ रिश्ते के अनुभव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस दौरान वह सोचने लगी थीं कि घर, बच्चे और साथी की देखभाल की जिम्मेदारी अक्सर महिलाओं पर ही क्यों डाल दी जाती है. उनका कहना था कि वह ऐसी स्थिति नहीं चाहती थीं जिसमें सारी जिम्मेदारियां केवल उनके हिस्से आएं.
उन्होंने अपने पति चैतन्य शर्मा, जिन्हें SlowCheeta के नाम से भी जाना जाता है, को अपना सबसे अच्छा दोस्त और पसंदीदा व्यक्ति बताया. दोनों ने जून 2018 में शादी की थी.
लो AMH स्तरों की जानकारी से लगा झटका
श्वेता ने बताया कि AMH यानी Anti-Müllerian Hormone की जांच में उनका स्तर काफी कम आया था. AMH का इस्तेमाल डॉक्टर ovarian reserve के आकलन के लिए करते हैं. उन्होंने कहा कि यह जानकारी उनके लिए इसलिए भी परेशान करने वाली थी क्योंकि उस समय वह खुद तय नहीं कर पाई थीं कि उन्हें मां बनना है या नहीं.
उनके मुताबिक, चिंता केवल fertility से जुड़ी संभावना को लेकर नहीं थी, बल्कि इस बात को लेकर भी थी कि मां बनने या न बनने का फैसला उनकी अपनी पसंद होना चाहिए.
श्वेता ने बताया कि उन्होंने और चैतन्य ने पहले दो बच्चे, फिर एक बच्चा होने की बात की थी. समय के साथ दोनों इस विचार के साथ सहज हो गए कि वे बच्चे न भी करें तो खुश रह सकते हैं. उन्होंने इसे किसी एक दिन लिया गया फैसला नहीं, बल्कि समय के साथ विकसित हुई समझ बताया.
