छोटे या किराये के घरों में सामान रखने की जगह जल्दी कम पड़ जाती है. अलमारी और दराजों में जगह न बचने पर कमरे में चीजें बिखरी हुई नजर आती हैं. ऐसे में बेड के नीचे की खाली जगह को स्टोरेज के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. यहां कम इस्तेमाल होने वाली चीजों को बॉक्स, बैग या स्टोरेज कंटेनर में रखकर बेडरूम को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है.

बेड के नीचे क्या-क्या रख सकते हैं

मेहमानों के लिए रखे गए अतिरिक्त बिस्तर और चादरों को बड़े बैग में पैक करके बेड के नीचे रखा जा सकता है. इससे अलमारी के ऊपरी हिस्से में जगह बचेगी और जरूरत पड़ने पर इन्हें निकालना भी आसान रहेगा.

मौसमी कपड़ों के लिए भी यह जगह उपयोगी है. सर्दियों या गर्मियों में इस्तेमाल न होने वाले कपड़ों को स्टोरेज बैग में रखकर बेड के नीचे व्यवस्थित किया जा सकता है. इसी तरह शादी-पार्टी में पहने जाने वाले जूते और सैंडल को बॉक्स में रखकर सुरक्षित रखा जा सकता है. रोजाना इस्तेमाल होने वाले जूतों के लिए दरवाजे के पास शो-रैक का इस्तेमाल करना अधिक सुविधाजनक रहेगा.

ट्रैवल से जुड़ी चीजें भी एक साथ रखी जा सकती हैं. ट्रॉली बैग के अंदर ट्रैवल पिलो, टॉयलेट्री बैग, पैकिंग क्यूब्स और वीकेंड बैग रखकर पूरे सेट को बेड के नीचे रखा जा सकता है. इससे ये सामान अलग-अलग जगहों पर बिखरने से बचेंगे.

कम इस्तेमाल होने वाली चीजों के लिए उपयोगी जगह

पुराने खिलौने, फोटो एल्बम और ऐसी किताबें जिनकी फिलहाल जरूरत नहीं है, उन्हें प्लास्टिक या अन्य स्टोरेज बॉक्स में रखकर बेड के नीचे रखा जा सकता है. गर्मियों में इस्तेमाल न होने वाला हीटर भी यहां रखा जा सकता है. छोटी रसोई वाले घरों में मिक्सर जार और जूसर जैसी कम इस्तेमाल होने वाली चीजों को भी इस जगह में रखा जा सकता है.

पुराने बर्तन, क्रॉकरी सेट और महीने में कभी-कभार काम आने वाला अतिरिक्त सामान भी बेड के नीचे रखा जा सकता है. सामान को अलग-अलग बैग या बॉक्स में रखने से जरूरत के समय उसे ढूंढना और निकालना आसान रहेगा.