आलू कुलचा आमतौर पर तंदूर में पकाया जाता है, लेकिन इसे घर पर तवे की मदद से भी बनाया जा सकता है. इस रेसिपी में तंदूर, ओवन या यीस्ट की जरूरत नहीं पड़ती. मैदा, दही, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा से नरम आटा तैयार किया जाता है.
आटा और स्टफिंग की सामग्री
आटे के लिए 2 कप यानी करीब 250 ग्राम मैदा, 1 चम्मच नमक, 1 चम्मच पिसी चीनी, आधा कप ताजा दही, डेढ़ चम्मच बेकिंग पाउडर और एक-चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा चाहिए. आटे को गूंथकर गीले कपड़े से ढककर कुछ समय के लिए रख दें.
स्टफिंग के लिए 2 उबले आलू, बारीक कटा प्याज, 1 चम्मच अदरक, 1 हरी मिर्च, नमक, 2 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1 चम्मच काला नमक, हरा धनिया और कलौंजी लें. आलू मैश करके सभी सामग्री के साथ अच्छी तरह मिला लें.
तवे पर पकाने का तरीका
आटे की लोई को थोड़ा चपटा कर बीच में आलू की स्टफिंग रखें. किनारे बंद करके इसे धीरे-धीरे बेलें. कुलचे की एक तरफ थोड़ा पानी लगाकर उसे गर्म तवे पर पानी वाली तरफ से चिपका दें. ढककर पकाएं, जब तक कुलचा फूलने न लगे. इसके बाद पलटकर दूसरी तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंकें.
गरम आलू कुलचे को छोले, रायते या अपनी पसंद की किसी करी के साथ परोसा जा सकता है.
