संयुक्त परिवार अब केवल एक ही छत के नीचे रहने तक सीमित नहीं रह गया है. शहरों में इसका एक नया मॉडल सामने आ रहा है, जिसमें बेटा-बहू और बच्चे एक फ्लैट में रहते हैं, जबकि माता-पिता उसी सोसाइटी की दूसरी मंजिल, दूसरी इमारत या पास के फ्लैट में रहते हैं. इससे परिवार के सदस्य जरूरत पड़ने पर कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे तक पहुंच सकते हैं, लेकिन खाने, खर्च, मेहमानों और रोजमर्रा की दिनचर्या से जुड़े फैसले अपनी सुविधा के अनुसार लेते हैं.
महंगे मकान, बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों की सुरक्षा और निजी जिंदगी की जरूरत इस व्यवस्था के अहम कारण बताए जा रहे हैं. इसमें परिवार साथ रहने का भाव बनाए रखता है, लेकिन अलग घरों के कारण पीढ़ियों के बीच दखल कम रहता है.
बच्चों और बुजुर्गों को साथ का सहारा
बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रहने वाले अमित और नेहा दोनों नौकरी करते हैं. वे उसी हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं, जहां अमित के माता-पिता का फ्लैट है. उनकी बेटी अन्वी स्कूल से लौटने के बाद दादा-दादी के साथ रहती है और शाम को माता-पिता उसे अपने घर ले आते हैं. तीज-त्योहार और वीकेंड का भोजन परिवार मिलकर करता है.
ऐसी व्यवस्था में बच्चों को दादा-दादी का साथ और पारिवारिक जुड़ाव मिल सकता है. बुजुर्गों को भी अकेलेपन से राहत और जरूरत के समय परिवार का सहयोग मिलता है. वहीं, माता-पिता को बच्चों की देखभाल में मदद मिलती है और अपनी दिनचर्या बनाए रखने की स्वतंत्रता भी रहती है.
नजदीकी के साथ नियमित संवाद जरूरी
इस मॉडल की चुनौतियां भी हैं. दो घरों का रखरखाव, मकान की ईएमआई और घरेलू जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं. केवल पास रहने से भावनात्मक जुड़ाव सुनिश्चित नहीं होता. नियमित बातचीत और साथ समय बिताना न हो तो परिवार के सदस्य एक ही परिसर में रहते हुए भी दूर महसूस कर सकते हैं.
हेल्पएज इंडिया की ‘इंडिया इंटरजनरेशनल बॉन्ड्स’ रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि बुजुर्गों और युवाओं के भावनात्मक जुड़ाव में साथ रहने और रोजमर्रा के संपर्क की अहम भूमिका होती है. क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और फैमिली काउंसलर डॉ. काकोली रॉय के अनुसार, छोटे घरों में लगातार टकराव से बेहतर विकल्प यह हो सकता है कि परिवार एक ही परिसर में अलग-अलग घरों में रहे.
