घर की बालकनी या गार्डन में ऐसा पौधा रखना आकर्षक हो सकता है, जो छोटे कीड़ों को अपनी पत्तियों में फंसाकर उनसे पोषक तत्व हासिल करता है. Venus Flytrap एक मांसाहारी पौधा है. इसकी पत्तियां दो हिस्सों में होती हैं और किसी छोटे कीड़े के अंदर आते ही तेजी से बंद हो जाती हैं. हालांकि, इसे मच्छर और मक्खियों से पूरी तरह छुटकारा दिलाने वाला उपाय नहीं समझना चाहिए.
धूप और जगह का रखें ध्यान
Venus Flytrap को अच्छी ग्रोथ के लिए रोजाना करीब 6 से 8 घंटे सीधी धूप की जरूरत होती है. इसलिए इसे कमरे के अंधेरे कोने में रखने के बजाय ऐसी जगह रखना बेहतर है, जहां पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी और धूप मिल सके. रोशनी की कमी से पौधे की बढ़त प्रभावित हो सकती है.
नल के पानी से बचें
इस पौधे को नल का पानी देना नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि उसमें मौजूद मिनरल्स इसकी सेहत पर असर डाल सकते हैं. देखभाल के लिए RO का पानी, डिस्टिल्ड वॉटर या बारिश का पानी इस्तेमाल किया जा सकता है. पौधा खरीदने से पहले उसके लिए उपयुक्त पानी की व्यवस्था करना जरूरी है.
सामान्य मिट्टी और खाद न डालें
Venus Flytrap को सामान्य गार्डन मिट्टी में लगाने से बचना चाहिए. इसके लिए ऐसी मिट्टी चाहिए, जिसमें पानी निकलने की सुविधा हो और जरूरी नमी बनी रहे. आमतौर पर स्फैगनम पीट मॉस और परलाइट के मिश्रण का इस्तेमाल किया जाता है.
इस पौधे में सामान्य पौधों की तरह खाद नहीं डालनी चाहिए. यह छोटे कीड़ों से जरूरी पोषक तत्व हासिल करता है. सर्दियों में इसकी ग्रोथ धीमी पड़ सकती है और यह कुछ समय के लिए डॉर्मेंसी की स्थिति में जा सकता है. इस दौरान कम बढ़त दिखना सामान्य हो सकता है.
