केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 और 3 अक्टूबर 2026 को भोपाल दौरे पर रहेंगे. उनके दौरे का मुख्य कार्यक्रम 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में होने वाला राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है. इसमें मध्य प्रदेश के 35 हजार से अधिक पशुपालकों और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के शामिल होने की संभावना है.

दौरे के दौरान शाह डेयरी और सहकारी क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन या भूमिपूजन करेंगे. इनमें भोपाल में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड मिल्क प्रोडक्ट प्लांट और करीब 12 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक डेयरी लैब शामिल है. भोपाल सहकारी दुग्ध संघ से जुड़ी परियोजना में केंद्र सरकार का 6 करोड़ रुपये का अनुदान और शेष राशि दुग्ध संघ की ओर से दी गई है.

उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत वाले डेयरी प्लांट का भूमिपूजन भी कार्यक्रम में प्रस्तावित है. सम्मेलन में पशुपालकों को बोनस, पंजीकृत गौशालाओं को सहायता और गोपालक महिलाओं के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे. दौरे को मध्य प्रदेश में डेयरी प्रसंस्करण, मूल्यवर्धित उत्पादों और सहकारी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.