मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कथित खरीद-फरोख्त का जिक्र करते सुनाई दे रहे हैं. बयान को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है.
यह वीडियो सोमवार को आष्टा में स्वर्णकार समाज की ओर से आयोजित श्रीअजमीढ़जी महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम का बताया जा रहा है. कार्यक्रम में मंच से संबोधन के दौरान विधायक ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए उन्होंने ‘बाबा जी’ से आशीर्वाद मांगा था. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर कहा, ‘एक की कमी है’, तो उन्होंने जवाब दिया कि ‘18 में से 10 को खरीद लिया मैंने.’
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे बीजेपी पर हमला बोलने का आधार बनाया. कांग्रेस की ओर से वीडियो साझा करते हुए विधायक के बयान पर सवाल उठाए गए हैं. हालांकि, वीडियो के संदर्भ और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.
विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह बात केवल मजाक-मस्ती में कही थी. उनका कहना है कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए हर बात को मुद्दा बनाया जा रहा है. उन्होंने खरीद-फरोख्त से जुड़ी किसी वास्तविक घटना से इनकार किया.
