राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने मध्य प्रदेश के गुना जिले में ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले के आसपास कथित अवैध खनन और लगातार ब्लास्टिंग के मामले में राज्य सरकार समेत पांच पक्षों को नोटिस जारी किया है. मामले की सुनवाई NGT की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच में हुई. अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी.

नोटिस मध्य प्रदेश सरकार की ओर से गुना के जिला कलेक्टर, मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव, गुना नगर परिषद, गुना के संभागीय वन अधिकारी और जिला खनन अधिकारी को भेजे गए हैं. सभी से मामले पर जवाब मांगा गया है.

ट्रिब्यूनल ने एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए आवेदन दर्ज किया. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि किले के पास खनन पट्टों से अधिक क्षेत्र में खुदाई हो रही है. वहां पत्थर तोड़ने वाली मशीनों के संचालन और नियमित ब्लास्टिंग से आसपास के घरों तथा किले की दीवारों में कंपन महसूस होने की बात कही गई.

रिपोर्ट में गहरी खनन खाइयों के आसपास तारबंदी और चेतावनी संकेत नहीं होने का भी उल्लेख था. NGT ने प्रथम दृष्टया पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण, खनन कानून और पर्यावरण प्रभाव आकलन से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन पर ध्यान दिया है.