मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित 100 गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका से जुड़ी जरूरतों का आकलन कर विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी.
अभियान के तहत 26 और 28 अक्टूबर को अधिकारियों ने बैहर, बिरसा, लांजी और किरनापुर विकासखंडों के गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत की. गांवों को चार क्लस्टर में बांटकर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित गांवों में 14 दिनों तक भ्रमण करने, उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति दर्ज करने और ग्रामीणों की प्राथमिक जरूरतों के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है. ग्रामीणों से मिले सुझावों के आधार पर संबंधित विभाग आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे.
