इंदौर के भागीरथपुरा में हुए दूषित जलकांड के मामले में निलंबित तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव को बहाल कर दिया गया है. बहाली के बाद उन्हें भोपाल स्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थ किया गया है.

यह निर्णय ऐसे समय हुआ है, जब मामले से जुड़ी विभागीय जांच अब भी लंबित बताई जा रही है. न्यायिक जांच से संबंधित रिपोर्ट में पाइपलाइन बदलने के प्रस्ताव में देरी और तकनीकी लापरवाही को लेकर अधिकारियों की भूमिका पर टिप्पणियां सामने आई थीं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भागीरथपुरा में दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में दूषित पानी पीने के बाद उल्टी-दस्त का प्रकोप फैला था. अलग-अलग रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 36 बताई गई है, जबकि न्यायिक जांच के हवाले से 24 मौतों का सीधा संबंध दूषित पानी से जोड़े जाने की बात कही गई है.

बहाली और नई पदस्थापना का हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने वाले वकीलों ने विरोध किया है. उन्होंने इसे मृतकों के परिजनों के साथ अन्याय बताते हुए फैसले को चुनौती देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर की मांग उठाने की बात कही है.