भोपाल और इंदौर मेट्रो में यात्रियों को त्योहारों के दौरान किराए में अतिरिक्त राहत मिलेगी. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की नई छूट योजना 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी.
नई व्यवस्था के तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी. रिटर्न टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत छूट मिलेगी. हालांकि, 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी.
ग्रुप टिकट की शर्त बदली
ग्रुप टिकट लेने के लिए यात्रियों की न्यूनतम संख्या आठ से घटाकर दो कर दी गई है. इससे परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को कम संख्या में भी ग्रुप किराए का लाभ मिल सकेगा.
मेट्रो मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट रिचार्ज पर भी बोनस राशि की सुविधा जारी है. 200 से 499 रुपये के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 रुपये पर 10 प्रतिशत, 1,000 से 1,499 रुपये पर 12 प्रतिशत और 1,500 से 2,000 रुपये तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस दिया जा रहा है. टिकट छूट और ई-वॉलेट बोनस को मिलाकर अधिकतम बचत करीब 44 प्रतिशत तक हो सकती है.
