भोपाल और इंदौर मेट्रो में यात्रियों के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा 12 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है. इस कार्ड से यात्रियों को हर बार टिकट खरीदने के लिए काउंटर की कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी.
₹50 में मिलेगा नॉन-रिफंडेबल कार्ड
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, NCMC कार्ड भोपाल और इंदौर के सभी मेट्रो स्टेशनों के टिकट काउंटर से ₹50 में खरीदा जा सकता है. यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल होगा. कार्ड लेने के बाद यात्री इसमें जरूरत के अनुसार बैलेंस रिचार्ज करा सकेंगे.
NCMC कार्ड से की जाने वाली पात्र सिंगल जर्नी पर 25 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी. यह लाभ उन यात्राओं पर लागू होगा, जिनका सामान्य किराया ₹20 से अधिक है. कार्ड का इस्तेमाल स्टेशन में प्रवेश और यात्रा पूरी होने के बाद बाहर निकलने के लिए किया जा सकेगा.
कार्ड को टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन और MP Metro मोबाइल ऐप के जरिए रिचार्ज किया जा सकेगा. NCMC सुविधा वाले देश के अन्य मेट्रो नेटवर्क में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
यात्रियों के लिए टिकट वेंडिंग मशीन से UPI भुगतान कर QR टिकट लेने का विकल्प भी उपलब्ध है. मशीन पर गंतव्य चुनने और भुगतान करने के बाद करीब 30 सेकंड में QR टिकट प्राप्त किया जा सकता है.
