भोपाल और इंदौर मेट्रो यात्रियों के लिए 12 नवंबर 2026 से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा शुरू होगी. इस कार्ड से यात्रा करने पर पात्र सिंगल जर्नी टिकटों पर 25 प्रतिशत छूट मिलेगी. कार्ड जारी कराने के लिए ₹50 शुल्क देना होगा, जो नॉन-रिफंडेबल रहेगा.
यात्री NCMC कार्ड दोनों शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर से प्राप्त कर सकेंगे. कार्ड में राशि टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) या MP Metro मोबाइल ऐप के जरिये जोड़ी जा सकेगी. NCMC व्यवस्था लागू करने वाली देश की अन्य मेट्रो सेवाओं में भी कार्ड के इस्तेमाल की सुविधा उपलब्ध हो सकती है.
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, कार्ड से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने और काउंटर की कतार में लगने की जरूरत कम होगी. स्टेशन में प्रवेश और निकास के लिए कार्ड को निर्धारित मशीन पर टैप करना होगा.
25 प्रतिशत छूट उन सिंगल जर्नी यात्राओं पर लागू होगी, जिनका निर्धारित किराया ₹20 से अधिक है. ₹20 के सिंगल जर्नी टिकट पर यह अतिरिक्त प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी. दोनों शहरों में टिकट वेंडिंग मशीन और मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है.
