भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को 11 अक्टूबर 2026 से टिकट पर अतिरिक्त छूट मिलेगी. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की यह विशेष योजना 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी.
नई व्यवस्था के तहत पात्र सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी. रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल छूट 30 प्रतिशत होगी, जबकि ग्रुप टिकट पर यात्रियों को कुल 35 प्रतिशत छूट मिलेगी.
ग्रुप टिकट के नियमों में भी बदलाव किया गया है. पहले इस सुविधा के लिए कम से कम आठ यात्रियों का होना जरूरी था, लेकिन अब दो यात्री भी ग्रुप टिकट ले सकेंगे. इससे परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
हालांकि, ₹20 के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत छूट लागू नहीं होगी. मेट्रो ऐप के ई-वॉलेट रिचार्ज पर मिलने वाले बोनस को जोड़ने पर यात्रियों का कुल लाभ रिचार्ज राशि और टिकट के प्रकार के अनुसार अधिक हो सकता है.
