भोपाल और इंदौर मेट्रो के यात्रियों के लिए 30 अक्टूबर 2026 से टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) की सुविधा शुरू होगी. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अनुसार, इन मशीनों की मदद से यात्री स्वयं टिकट खरीद सकेंगे और पूरी प्रक्रिया करीब 30 सेकंड में पूरी हो जाएगी.

भोपाल और इंदौर के सभी संचालित मेट्रो स्टेशनों पर दो-दो टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं. टिकट लेने के लिए यात्री मशीन की स्क्रीन पर ‘Buy QR Ticket’ विकल्प चुनेंगे और अपना गंतव्य स्टेशन दर्ज करेंगे. इसके बाद किराया स्क्रीन पर दिखाई देगा. यात्री QR कोड स्कैन कर UPI ऐप से भुगतान कर सकेंगे और भुगतान सफल होने के बाद मशीन से QR टिकट प्राप्त होगा.

मशीनों में दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि का प्रावधान भी किया गया है. इसके अलावा यात्री MPMRCL मोबाइल ऐप, स्टेशन टिकट काउंटर और डिजिटल माध्यमों से भी टिकट ले सकेंगे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मशीनों पर QR कोड, UPI और ई-वॉलेट जैसे कैशलेस भुगतान विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकेगा.