भोपाल और इंदौर मेट्रो यात्रियों के लिए 30 अक्टूबर 2026 से टिकट खरीदने का नया विकल्प शुरू हो गया है. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने दोनों शहरों के संचालित मेट्रो कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीनें (TVM) उपलब्ध कराई हैं.

यात्री इन मशीनों से करीब 30 सेकंड में QR टिकट ले सकेंगे. प्रक्रिया के लिए मशीन की स्क्रीन पर ‘Buy QR Ticket’ विकल्प चुनना होगा. इसके बाद गंतव्य स्टेशन चुनने पर किराया स्क्रीन पर दिखाई देगा. यात्री मशीन पर दिखने वाले QR कोड को अपने UPI ऐप से स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे. भुगतान सफल होने के बाद टिकट मशीन से प्राप्त किया जा सकेगा.

हर स्टेशन पर दो मशीनें

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भोपाल और इंदौर के सभी संचालित मेट्रो स्टेशनों पर दो-दो TVM लगाई गई हैं. मशीनों में दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि का प्रावधान भी किया गया है.

TVM के अलावा यात्री MPMRCL मोबाइल ऐप से डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं. स्टेशन के टिकट काउंटर से टिकट लेने का विकल्प भी जारी रहेगा. 31 दिसंबर 2026 तक प्रचारात्मक छूट के तहत सिंगल जर्नी, रिटर्न जर्नी और ग्रुप टिकट पर अलग-अलग रियायतें उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है.