मध्य प्रदेश में भोपाल और इंदौर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों तथा व्यावसायिक आयोजनों के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई है. यह प्रस्ताव मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के दौरान MICE और क्रिएटिव इकोनॉमी पर आयोजित राउंडटेबल में सामने आया.

MICE का अर्थ मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जिबिशन से है. पर्यटन मंत्रालय के 2019 के अध्ययन के अनुसार भारत का MICE बाजार करीब ₹37,576 करोड़ का है. कार्यक्रम में मंत्रालय के संयुक्त सचिव और India Convention Promotion Bureau के चेयरमैन हरिकिशोर एस. ने टियर-2 शहरों में बढ़ती मांग का उल्लेख किया.

उन्होंने भोपाल और इंदौर के लिए City MICE Promotion Bureau बनाने का सुझाव दिया. इसका उद्देश्य शहरों की आयोजन क्षमता, मार्केटिंग और डेस्टिनेशन पोजिशनिंग को मजबूत करना है. साथ ही, राज्य स्तर पर MICE रणनीति और बड़े कन्वेंशन वेन्यू विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया गया.

चर्चा में ओरछा, खजुराहो, महेश्वर और मांडू को डेस्टिनेशन वेडिंग के संभावित केंद्रों के रूप में भी रेखांकित किया गया. इनके लिए आयोजन स्थल, ठहरने की सुविधा और स्थानीय अनुभवों को जोड़कर पैकेज तैयार करने का सुझाव दिया गया.