मध्यप्रदेश में पुरातात्विक सामग्री की वैज्ञानिक जांच के लिए भोपाल में राज्य की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू की गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 नवंबर को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MAPCOST) के विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और गैलरी का उद्घाटन किया.

इस तकनीक के जरिए प्रकाश या ऊष्मा के संपर्क के बाद दबी सामग्री की उम्र का अनुमान लगाया जाता है. अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला में 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्री की वैज्ञानिक जांच की जा सकेगी. इसके लिए पुरातत्व विभाग, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और अन्य वैज्ञानिक संस्थानों के साथ नमूनों पर शोध किया जाएगा.

उज्जैन में डीप-टेक पार्क

उज्जैन में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप-टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा. यह परियोजना विक्रम उद्योगपुरी के दूसरे चरण में प्रस्तावित है और IIT इंदौर को इसका प्रमुख तकनीकी एवं शोध भागीदार बनाया गया है.

पार्क में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, क्वांटम तकनीक, अंतरिक्ष, कृषि-तकनीक, रोबोटिक्स, जैव-प्रौद्योगिकी और स्वच्छ तकनीक जैसे क्षेत्रों में शोध की योजना है. साझा प्रयोगशालाओं के जरिए स्टार्टअप को प्रोटोटाइप बनाने, परीक्षण और तकनीकी सत्यापन की सुविधा देने का प्रस्ताव है.